होली से पहले ही गर्मी दिखाने लगी तेवर, इस राज्य में अंधड़-बारिश की चेतावनी
क्या है खबर?
देशभर से सर्दी विदाई लेने का अहसास होता दिख रहा है और होली से पहले की गर्मी दस्तक दे रही है। कुछ अलाकों में अभी भी सुबह-शाम हल्की ठंड़ बनी हुई है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले 3-4 दिनों में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अधिकतम तापमान 2-4 डिग्री बढ़ सकता है, जबकि पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 3-5 डिग्री वृद्धि की संभावना है।
आज बिहार में वज्रपात के साथ आंधी-बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है।
पश्चिमी विक्षोभ
फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
IMD ने 9 मार्च को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के साथ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र का मौसम बदलने के संकेत दिए हैं।
इससे 9 से 12 मार्च के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबारी हो सकती है।
इसके अलावा 10 से 12 मार्च के दौरान उत्तराखंड में भी बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। आज उत्तराखंड़ में मौसम साफ रहेगा, लेकिन पहाड़ी इलाकों पर बादल छाए रह सकते हैं।
पूर्वानुमान
राजधानी में सताने लगी गर्मी
देश की राजधानी दिल्ली में भी अब गर्मी का असर बढ़ने लगा है। शुक्रवार को यहां अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है। रात का तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक 10.2 डिग्री रहा।
अगले 6 से 7 दिनों में तापमान 35 डिग्री तक पहुंच सकता है। आज आसमान साफ रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 12 डिग्री तक रह सकता है।
होली से पहले 9-13 मार्च के बीच बादल छाए रह सकते हैं।
गर्मी
राजस्थान में तापमान 35 डिग्री के पार
राजस्थान में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। तेज धूप के कारण शुक्रवार (7 मार्च) कई जिलों में तापमान सामान्य से 4 डिग्री ऊपर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री कम रहा है।
सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 36.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर में 7.2 डिग्री पर पहुंच गया।
IMD के अनुसार आज न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है और होली के बाद गर्मी तेवर दिखाएगी।