
देश के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, जानिए कहां-कहां मिलेगी गर्मी से राहत
क्या है खबर?
देश के कई इलाकों में तापमान में लगातार हो रहे इजाफे के कारण लोगों का दोपहर के वक्त घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।
आज भी दिल्ली NCR, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत कुछ राज्यों में लू चलने की संभावना है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 29 अप्रैल तक और मध्य-पूर्वी इलाकों में 26 अप्रैल तक लू चलेगी, जबकि कुछ राज्यों में बारिश की संभावना है।
राहत
राजस्थान में बारिश के साथ लू का अलर्ट
राजस्थान में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री तक ऊपर पहुंच गया है, लेकिन कई जगह आज सुबह से ही राहत के बादल छा गए हैं।
नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से 14 जिलों में बारिश हाेने के आसार हैं और दोपहर बाद जयपुर, अजमेर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है।
इस दौरान 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलेगी, जबकि जैसलमेर, बाड़मेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं में लू चल सकती है।
मौसम
उत्तर प्रदेश में बदलेगा मौसम का मिजाज
उत्तर प्रदेश में गर्मी का कहर आज भी जारी रहेगा, इसके साथ ही कई जिलों में लू चलने की संभावना बनी हुई है। आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, 27 अप्रैल से अगले 5 दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर शुरू हो सकता है। इस दौरान 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
बिहार, झारखंड और बंगाल के कई स्थानों पर भी बारिश होने के आसार हैं।
बारिश
इन राज्यों में भी बारिश के आसार
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है।
शिमला, श्रीनगर और देहरादून जैसे शहरों में अधिकतम तापमान 20-25 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 10-15 डिग्री तक रह सकता है। इन इलाकों में 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है।
पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ के असर से आंध्र प्रदेश, दक्षिणी कर्नाटक, केरल तथा तमिलनाडु के कई जिलों में बारिश की संभावना है।
इजाफा
दिल्ली में शुक्रवार को रहा सीजन का सबसे गर्म दिन
दिल्ली में शनिवार को भी गर्मी का सितम जारी रहेगा। इस दौरान लू चलने के साथ अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री के आस-पास रहने की संभावना है।
आज आसमान साफ रहने के साथ दोपहर में धूल भरी हवा चल सकती हैं, जिसकी गति 20-30 किमी/घंटा रह सकती है।
शुक्रवार सीजन का सबसे गर्म दिन रहा और इस दौरान अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री पर पहुंच गया। IMD के अनुसार, 28 अप्रैल तक तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहेगा।