Page Loader
देश में फिर से करवट लेगा मौसम, अंधड़-बारिश और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी 
कई राज्यों में अंधड़-बारिश और ओले गिरने की चेतावनी दी गई है (तस्वीर: पिक्साबे)

देश में फिर से करवट लेगा मौसम, अंधड़-बारिश और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी 

Mar 22, 2025
09:48 am

क्या है खबर?

उत्तर से लेकर दक्षिण तक देश में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी से शीतलहर चल रही है। दूसरी तरफ इसके असर मैदानी इलाकों में बारिश-अंधड़ के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ गर्मी से राहत मिली हुई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज भी कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। साथ महीने के आखिरी सप्ताह तक गर्मी चरम पर पहुंचने के संकेत दिए हैं।

अंधड़-बारिश 

बिहार में बारिश के साथ गिरेंगे ओले

पश्चिमी विक्षोभ के असर से आज बिहार के 7 शहरों में बिजली गिरने के साथ अंधड़-बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश में कुछ इलाकों में बादल छाए रहने के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है। राजस्थान में भी शनिवार (22 मार्च) को बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के साथ 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

बर्फबारी 

पहाड़ों पर जारी है बर्फबारी 

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले 2 दिनों तक बर्फबारी और बारिश की संभावना है। इससे ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से नीचे पहुंचने से ठंड का असर बढ़ सकता है। दूसरी तरफ स्काईमेट के अनुसार, पिछले 2-3 दिन से आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, ओडिशा और गुजरात में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। इन राज्यों में भीषण गर्मी का अलर्ट है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान रिकॉर्ड तोड़ सकता है।

ट्विटर पोस्ट

जम्मू-कश्मीर में हुई ताजा बर्फबारी का नजारा 

असर 

कोलकाता में बारिश का ऑरेंज अलर्ट

इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) के 18वें सीजन के पहले मैच पर भी बारिश का खतरा मंडरा रहा है। सीजन ओपनर मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन स्टेडियम में खेला जाएगा। मौसम विभाग ने इस क्षेत्र के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां आज गरज के साथ हल्की या मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। यहां रुक-रुक कर बारिश हो रही है।

राहत 

दिल्ली में गर्मी से रहेगी राहत 

दिल्ली NCR में आज बादलों की आवाजाही से तापमान नियंत्रित रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और अधिकतम 34 डिग्री तक रह सकता है। इसके बाद आने वाले 2 दिनों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश होने का अनुमान है। इसके बाद 26 और 27 मार्च को यहां बादल छा सकते हैं। इसके अलावा 20-30 किमी/घंटा की गति से हवा चल सकती है, जिससे तापमान में भी गिरावट आएगी। इसके बाद प्रचंड गर्मी लोगों के सताएगी।