Page Loader
राजस्थान से लेकर दिल्ली तक करवट बदल रहा मौसम, फिर बढ़ने लगा सर्दी का अहसास 
देश के कई राज्यों में आज बादल छाए रहने की संभावना है (तस्वीर: एक्स/@Abhiroy40)

राजस्थान से लेकर दिल्ली तक करवट बदल रहा मौसम, फिर बढ़ने लगा सर्दी का अहसास 

Feb 19, 2025
09:09 am

क्या है खबर?

नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण देशभर में तापमान में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। दिन के समय तेज धूप पड़ी रही है, वहीं सुबह-शाम के वक्त ठंड़ और कोहरा भी देखा जा रहा है। पिछले 24 घंटों में उत्तर-पश्चिमी राज्यों के अधिकतम तापमान में 1-3 डिग्री तक की बढ़ोतरी हुई है, जबकि दक्षिण भारतीय राज्यों में इतनी ही गिरावट नजर आई है। आज कई जगह बारिश के अलावा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में घना कोहरा छा सकता है।

बर्फबारी 

यहां होगी भारी बर्फबारी 

मौसम एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 20 फरवरी तक बर्फबारी के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान कई जगह तापमान शून्य के नीचे रहेगा, जिससे लोगों को कोल्ड डे का एहसास भी हो सकता है। उत्तर-पश्चिमी राज्य असम, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में चक्रवात के बने रहने से अंधड़ के साथ बारिश की संभावना है। इसके अलावा यहां सुबह कोहरा छाए रहने की संभावना जताई जा रही है।

बारिश 

इन राज्यों में है बारिश का अलर्ट

राजस्थान में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मंगलवार को जयपुर समेत कई इलाकों में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश दर्ज हुई है। IMD ने 19 और 20 फरवरी को राज्य में बादल छाए रहने के साथ भरतपुर, जयपुर, कोटा, बीकानेर और जोधपुर में हल्की बारिश का अनुमान लगाया है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और बिहार में भी 19-20 फरवरी को बादल छाने और हल्की बारिश होने के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।

दिल्ली 

राजधानी में बदलेगा मौसम का मिजाज

दिल्ली में आज (19 फरवरी) मौसम बदल सकता है। यहां कहीं-कहीं बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 3 दिनों तक इसी तरह बादलों की आवाजाही लगी रह सकती है और बारिश से तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है। शुक्रवार (21 फरवरी) को हल्की बारिश के साथ 20-30 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है, जिससे अधिकतम तापमान 26-28 डिग्री के आस-पास रहने की उम्मीद है।