Page Loader
जम्मू-कश्मीर में फिर हुई बर्फबारी, जानिए इसकी वजह से मैदानों में कैसा रहेगा मौसम 
जम्मू-कश्मीर में गुरुवार को फिर बर्फबारी हुई है (तस्वीर: एक्स/@KashmirScan)

जम्मू-कश्मीर में फिर हुई बर्फबारी, जानिए इसकी वजह से मैदानों में कैसा रहेगा मौसम 

Jan 17, 2025
09:39 am

क्या है खबर?

पश्चिमी विक्षोभ के कारण आज उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी ने मैदानी इलाकों में सर्दी का कहर बढ़ा दिया है। दूसरी तरफ कोहरे की दोहरी मार पड़ रही है, जिससे कई जगह तापमान 5 डिग्री के नीचे चला गया है। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड़ और हिमाचल प्रदेश में कई जगह तापमान जमाव बिंदु के नीचे बना हुआ है। जानिए आज देश में मौसम कैसा रहेगा।

बर्फबारी 

कश्मीर में फिर कब होगी भारी बर्फबारी?

कश्मीर और शिमला समेत कई ऊंचे इलाकों में गुरुवार को बर्फबारी हुई। शिमला में 1.6cm हिमपात दर्ज किया गया। कई इलाकों में तापमान शून्य से 2-3 डिग्री तक चला गया है। कश्मीर में 22-23 जनवरी को बर्फबारी का अनुमान है, जबकि मैदानी और निचले इलाकों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में भी बर्फबारी से ठिठुरन बढ़ गई है। इस मौसम का लुत्फ उठाने के लिए भारी मात्रा में पर्यटक पहुंच रहे हैं।

कोहरा 

कोहरे की चपेट में राजधानी 

दिल्ली में आज सुबह से घना कोहरा छाया हुआ है और बादल छाए रहने से दिन में भी रात जैसा अंधेरा छाया हुआ है। इसके अलावा कुछ जगह आज बारिश होने के आसार हैं। शुक्रवार को यहां अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम 8 डिग्री तक रहने की संभावना है। कोहरे और खराब मौसम की वजह दिल्ली आने वाली ट्रेनें देरी से पहुंच रही है। दृश्यता शून्य तक पहुंचने से यहां हवाई सेवा भी प्रभावित हो रही है।

उत्तर प्रदेश 

उत्तर प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम?

पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का सबसे ज्यादा असर उत्तर प्रदेश में देखने को मिल रहा है। यहां शीतलहर के कारण जन-जीवन बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। प्रदेश की राजधानी लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, झांसी, मेरठ, गोरखपुर, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़ समेत कई जिलों में कोल्ड-डे की स्थिति बनी हुई है। कड़ाके की सर्दी के चलते तमाम जिलों में सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। यहां भी बारिश की संभावना जताई है, जिससे तापमान 2-3 डिग्री कम होगा।

कहर 

बारिश से इस राज्य में बढ़ सर्दी का कहर 

राजस्थान में पिछले 2 दिनों में हुई बारिश से सर्दी और तेज हो गई है। प्रदेश के नागौर जिले में सबसे कम 3.7 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। आज सुबह राज्य में कहीं घना तो कहीं अति घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के प्रभाव से अगले 2 दिन अधिकतम तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री नीचे जाने की संभावना है। राज्य में 22 जनवरी के आसपास एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे बारिश होगी।

ट्विटर पोस्ट

जम्मू-कश्मीर में हुई बर्फबारी का नजारा