LOADING...
दिल्ली समेत इन राज्यों में फिर होगी बारिश, मौसम विभाग ने दी चेतावनी 
उत्तर भारत के कई राज्यों में आज सुबह कोहरा छाया हुआ है (तस्वीर: एक्स/@NEWSWORLD555)

दिल्ली समेत इन राज्यों में फिर होगी बारिश, मौसम विभाग ने दी चेतावनी 

Jan 14, 2025
09:49 am

क्या है खबर?

पहाड़ों से चलने वाली बर्फीली हवाएं कहर ढा रही हैं, वहीं मैदानी इलाकों में शीतलहर और कोहरे का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने मंगलवार (14 जनवरी) को मकर संक्रांति के मौके पर 17 राज्यों में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही 9 राज्यों में बारिश के चेतावनी दी गई है। इसके अलावा अगले 2 दिनों में बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

राहत 

पहाड़ों पर आज रहेगी राहत 

जम्मू-कश्मीर में आज मौसम साफ रहेगा और 19 जनवरी तक ऐसा ही रहने वाला है। 15-16 जनवरी को पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है। कई इलाकों में तापमान जमाव बिंदु के नीचे बना है। उत्तराखंड में भी आज का मौसम साफ रहने की उम्मीद है, लेकिन सर्द हवाओं के चलने से तापमान में गिरावट आ सकती है। हिमाचल प्रदेश में भी शीतलहर के साथ कोहरा परेशान कर सकता है, जबकि 16-19 जनवरी तक बारिश और बर्फबारी का अनुमान है।

महाकुंभ 

कड़ाके की ठंड के बीच महाकुंभ का स्नान

प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले में आज कोहरे और शीतलहर के बीच श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगा रहे हैं। यहां भी आज कोहरा नजर आ रहा है। सुबह न्यूनतम तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम 20 डिग्री तक जा सकता है। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों में उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई है। मकर संक्रांति पर राज्य में शीतलहर चलने की संभावना नहीं है।

राजस्थान 

राजस्थान में इस तारीख के बाद बिगड़ेगा मौसम 

मकर संक्रांति पर सूर्य उतरायण होने के बाद भी राजस्थान के कई जिलों में बादलों में छुपे रह सकते हैं। इसके अलावा कई हिस्सों में मध्यम से घना कोहरा छाया हुआ है। प्रदेश में आज से एक नया पश्चिमी विक्षाेभ बनने की संभावना जताई जा रही है, जिससे आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के आसार हैं। यहां 16 जनवरी तक बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। मध्य प्रदेश में भी अगले 2 दिन बारिश की संभावना है।

दिल्ली 

राजधानी में आज कैसा रहेगा मौसम?

कोहरे के कारण दिल्ली शीतलहर की चपेट में है, लेकिन दिन के समय निकलने वाली धूप थोड़ी राहत दे रही है। आज सुबह भी कई इलाकों में कोहरा छाया नजर आया। इस दौरान सुबह न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में मंगलवार को शाम को बारिश होने के आसार हैं। आज अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम 9 डिग्री रह सकता है। इसके बाद 15-16 जनवरी को बूंदाबांदी और हल्की बारिश की संभावना है।

ट्विटर पोस्ट

कड़ाके की ठंड के बीच कुंभ स्नान