Page Loader
दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश तक 30 डिग्री तक पहुंचा पारा, जानिए कैसा रहेगा आज मौसम 
देश के कई इलाकों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है (तस्वीर: पिक्साबे)

दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश तक 30 डिग्री तक पहुंचा पारा, जानिए कैसा रहेगा आज मौसम 

Feb 12, 2025
09:15 am

क्या है खबर?

देश के ज्यादातर हिस्सों से इस बार सर्दी जल्दी जाती नजर आ रही है। दरअसल, कई राज्यों में तापमान 30 डिग्री तक जा पहुंचा और सूरज की तपिश परेशान करने लगी है। ऐसे में लग रहा है कि जल्द ही रजाई-कंबल पैक करने और गर्मी के कपड़े निकालने की जरूरत पड़ने वाली है। यह भी हो सकता है कि महीने के अंत तक पंखे भी चलने लगें। दूसरी तरफ कुछ इलाकों में सुबह-शाम के वक्त सर्दी का असर बरकरार है।

दिल्ली 

दिल्ली में सताने लगी गर्मी 

दिल्ली में भी दिन के वक्त तेज धूप असर दिखाने लगी है और लोगों गर्मी चुभने लगी है। मंगलवार को यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री के करीब 29.7 डिग्री पर पहुंच गया, जो सामान्‍य से 6 डिग्री ज्‍यादा है। इसी तरह न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 9.8 डिग्री हो गया। आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के कारण राजधानी में बीच-बीच में गुलाबी ठंड़ का अहसास होता रहेगा।

उत्तर प्रदेश 

उत्तर प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज

उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलता नजर आ रहा है। प्रदेश में सर्दी जाती और गर्मी की दस्तक का अहसास होने लगा है। मंगलवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 29 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 12 डिग्री दर्ज किया गया। आज अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री रहने की संभावना है। बढ़ते तापमान ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है।

राजस्थान 

15 फरवरी को राजस्थान में बदलेगा मौसम

राजस्थान में भी सर्दी का असर कमजोर पड़ता दिख रहा है और हल्की गर्मी का अहसास होने लगा है। उत्तरी हवाओं के कमजोर पड़ने और पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। 15 और 16 फरवरी को आंशिक बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट के संकेत नजर आ रहे हैं। यह स्थिति पंजाब, हरियाणा में भी बनी हुई है और आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है।