अंधड़-बारिश से पारा 40 डिग्री के नीचे पहुंचा, जानिए आज कैसा रहेगा मौसम
क्या है खबर?
देशभर में बारिश-अंधड़ के कारण मई के पहला सप्ताह गर्मी से राहतभरा रहा है। दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश सहित कई राज्यों में मंगलवार को ओलावृष्टि भी देखने को मिली। मौसम में आए बदलाव के कारण अधिकांश जगह तापमान 40 डिग्री के नीचे चला गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार को 14 राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। पूर्वी भारत में बिजली गिरने की भी संभावना है।
राहत
राजधानी में मिली गर्मी से राहत
दिल्ली में मंगलवार रात को हुई बारिश और ओलावृष्टि से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। 6 मई को अधिकतम 36 और न्यूनतम 21 डिग्री तक पहुंच सकता है। इस दौरान बादल छाए रहने के साथ बिजली कड़कने की संभावना है। इसके बाद तापमान धीरे-धीरे बढ़ने के आसार हैं। समीपवर्ती उत्तर प्रदेश में अंधड़-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है, वहीं पिछले 3 दिनों से खराब मौसम के चलते अधिकतम तापमान 35 डिग्री पर आ गया है।
अंधड़
इन राज्यों में होगी तूफानी बारिश
IMD ने मध्य प्रदेश के 28 जिलों में आज बारिश के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने और ओले गिरने का अनुमान जताया है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में भी ऐसा ही मौसम देखने को मिल सकता है। हालांकि, अगले 3-4 दिनों में स्थिति बदल सकती है। इसी प्रकार बिहार में बुधवार सुबह सुपौल और खगड़िया में बारिश हुई है और आज 15 जिलों में मौसम खराब होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
तापमान
उत्तराखंड में माइनस 7 डिग्री तक गिरा पारा
उत्तराखंड में लगातार तीसरे दिन बारिश संभावना है। मंगलवार को केदारनाथ धाम समेत ऊंची चोटियों पर लगातार चौथे दिन बर्फबारी हुई, जिससे तापमान माइनस 7 डिग्री से नीचे चला गया। जम्मू-कश्मीर में 6-9 मई के बीच मौसम ज्यादातर शुष्क रहने के आसार हैं, लेकिन 10-12 मई के बीच बादल एक बार फिर बरस सकते हैं। इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश के करीब 9 जिलों में बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।