उत्तर भारत में गर्मी दिखाने लगी तेवर, दक्षिण में आज भी बारिश का अलर्ट
क्या है खबर?
उत्तर भारत में होली से पहले ही गर्मी का अहसास बढ़ गया है। जैकेट और जर्सी अलमारी के अंदर जाने लगे हैं और पंखें बाहर निकल आए। कुछ राज्यों में बारिश-बर्फबारी का दौर जारी रहने से ठंड बरकरार है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटे में मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, असम, सिक्किम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया है, वहीं उत्तर-पश्चिमी राज्यों में अगले सप्ताह तापमान 3-5 डिग्री बढ़ने के आसार हैं।
बर्फबारी-कोहरा
जारी है बर्फबारी का दौर
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 27 फरवरी और 2 मार्च को 2 पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे। इनकी वजह से पहाड़ी इलाकों में मौसम बदल सकता है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 27 और 28 फरवरी को हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 3 दिनों से हल्की बर्फबारी जारी है। दूसरी तरफ हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तर प्रदेश और ओडिशा के कई शहरों में आज घना कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया गया है।
तापमान
राजस्थान में पारा 36 डिग्री के पार
मध्य प्रदेश में पिछले 2 दिन से 20 से ज्यादा जिलों में आंधड़-बारिश के साथ कुछ जगह ओलावृष्टि हो रही है, जिससे फसलों को नुकसान हुआ है। बुधवार को मौसम साफ रहेगा, लेकिन मार्च की शुरुआत में बारिश होने का अनुमान है। दूसरी तरफ राजस्थान में अधिकतम तापमान 36 डिग्री से ऊपर चला गया है, जो होली के आस-पास 40 डिग्री तक पहुंचने से हीटवेव चल सकती है। उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम साफ रहेगा, जिससे गर्मी असर दिखाएगी।
गर्मी
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में 25 फरवरी को सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल सकती है, जिससे हल्की ठंड महसूस होगी, लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान बिल्कुल साफ हो जाएगा और धूप खिलने से गर्मी बढ़ेगी। दिन में 15-25 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 29-31 डिग्री और न्यूनतम 12-14 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। हवा की गुणवत्ता की बात करें तो राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 263 के करीब है।