उत्तर भारत के कई शहरों में पारा 30 डिग्री के पार, बारिध-अंधड़ को लेकर आया अलर्ट
क्या है खबर?
उत्तर भारत के कई शहरों में तापमान 30 डिग्री के आस-पास पहुंच गया है, जिससे फरवरी में मार्च की गर्मी का अहसास होने लगा है। अब सुबह-शाम के वक्त ही सर्दी का असर महसूस किया जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पश्चिमी विक्षोभ के असर से 14-17 फरवरी तक जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित 6 राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया है। इस दौरान 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है।
बर्फबारी
पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानों में बढ़ेगी सर्दी
पहाड़ी राज्यों के मौसम की बात करें तो उत्तराखंड के चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पौड़ी, गढ़वाल जिलों में 16-17 फरवरी को भारी बारिश के साथ तेज हवा चलने की संभावना है। प्रदेश में तेज सर्दी का असर बरकरार है, जिसके चलते शुक्रवार को 7 शहरों का न्यूनतम तापमान माइनस 10 डिग्री से नीचे रहा। हिमाचल प्रदेश में आज मौसम साफ रहेगा, लेकिन 15 फरवरी के बाद से बादल छाए रहेंगे और पहाड़ों पर तेज हवा और बर्फबारी की चेतावनी दी है।
तापमान
इन राज्यों में बढ़ने लगा दिन का पारा
उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में अधिकतम तापमान 30 के पार जा चुका है। इन राज्यों में अगले 5 दिनों तक सर्दी कम रहेगी और तेज धूप निकलेगी। 17-18 फरवरी को उत्तर प्रदेश और राजस्थान में कुछ जगह पर बारिश हो सकती है। इसी के साथ दिल्ली में सुबह हल्की धुंध नजर आ सकती है। इसके बाद राजधानी समेत पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में बारिश के साथ तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।