दिल्ली से लेकर राजस्थान तक चढ़ने लगा पारा, जानिए पहाड़ों पर कैसा रहेगा मौसम
क्या है खबर?
पिछले कुछ दिनों से लगातार निकल रही तेज धूप के कारण उत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में सर्दी का जोर कमजोर पड़ता दिख रहा है, हालांकि सुबह-शाम के वक्त ठंड का असर दिखाई दे रहा है। पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ बर्फबारी का दौर जारी है, जिससे कंपकंपी छूट रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी हिमालयी इलाकों में 10-11 फरवरी को बारिश और बर्फबारी होने का अलर्ट जारी किया है।
बर्फबारी
पहाड़ों पर जारी है कड़ाके की ठंड
IMD ने उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में बर्फबारी और हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है, जबकि देहरादून, टिहरी और अल्मोड़ा में बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। हिमाचल प्रदेश की स्पीति वैली के कई इलाकों में बर्फ गिरेगी और बादल भी बरस सकते हैं। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी मौसम खराब रहने के आसार हैं। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
धुंध
राजधानी में नजर आई हल्की धुंध
दिल्ली में आज मौसम साफ रहेगा, लेकिन कुछ इलाकों में सुबह के वक्त प्रदूषण के कारण हल्की धुंध नजर आ सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 10 डिग्री के आस-पास रहने का अनुमान है। अगले एक सप्ताह में पारा 27 डिग्री तक जा सकता है, जिससे हल्की गर्मी महसूस होने लगेगी। समीपवर्ती उत्तर प्रदेश में कोहरे का असर लगभग खत्म होता दिख रहा है, वहीं आज तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
ट्विटर पोस्ट
राजधानी में प्रदूषण के कारण दिखी हल्की धुंध
#WATCH | Delhi | The Air Quality Index (AQI) around ITO recorded at 277 in the 'poor' category as per the Central Pollution Control Board (CPCB) pic.twitter.com/O5avhoqA5r
— ANI (@ANI) February 10, 2026
तापमान
इन राज्यों में बढ़ने लगा पारा
मध्य प्रदेश में बुधवार को तेज सर्दी रहेगी। इस दौरान कुछ शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे रहने की संभावना है। दूसरी तरफ राजस्थान में पिछले 24 घंटे में तापमान में 1-4 डिग्री का उछाल दर्ज हुआ और बाड़मेर में पारा 31 डिग्री तक जा पहुंचा है।एक सप्ताह में यहां तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। इसके अलावा बिहार में अभी कई शहरों में कोहरे का असर देखा जा रहा है, लेकिन दिन तेज धूप निकलेगी।