दिल्ली में IMD का अलर्ट: 41 डिग्री की तपिश, डिहाइड्रेशन से सावधान
दिल्ली में अब भीषण गर्मी का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि रविवार, सोमवार और मंगलवार को पारा 41 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। गुरुवार को भी गर्मी काफी रही, जब तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 60 प्रतिशत रहने वाली हवा में नमी दोपहर तक घटकर सिर्फ 40 प्रतिशत रह गई, जिसका मतलब है कि गर्मी के साथ सूखापन भी परेशान करेगा।
दोपहर 12 से 4 बजे तक डिहाइड्रेशन का खतरा
दिल्ली में अभी लू जैसे हालात बने हुए हैं और रात में भी गर्मी से कोई राहत नहीं मिलेगी। रात का तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया है कि 19 मई तक बारिश या तेज हवा चलने की कोई संभावना नहीं है। IMD के मुताबिक, दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे का समय डिहाइड्रेशन के लिए सबसे ज्यादा जोखिम भरा है। विभाग ने सलाह दी है कि लोग खूब पानी पिएं, दोपहर की तेज धूप में बाहर जाने से बचें और अगर बाहर निकलना जरूरी ही हो तो हल्के कपड़े पहनें।