LOADING...
नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचा रुपया, पहली बार डॉलर के मुकाबले 95.85 के पार
नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचा रुपया

नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचा रुपया, पहली बार डॉलर के मुकाबले 95.85 के पार

May 14, 2026
10:40 am

क्या है खबर?

भारतीय रुपया आज (14 मई) अमेरिकी डॉलर के मुकाबले नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया है। कारोबार की शुरुआत में रुपया 95.73 प्रति डॉलर पर खुला और बाद में गिरकर 95.85 तक पहुंच गया। इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में रुपया 95.79 के स्तर तक फिसला था। इस सप्ताह रुपये में करीब 1.4 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के बाद रुपया अब तक 6 प्रतिशत से ज्यादा कमजोर हो चुका है।

तेल

तेल की कीमतों से बढ़ा दबाव

रुपये पर सबसे बड़ा दबाव लगातार बढ़ती कच्चे तेल की कीमतों से पड़ रहा है। ब्रेंट क्रूड की कीमतें 106 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बनी हुई हैं। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और अमेरिका-चीन के बीच होने वाली अहम बातचीत को लेकर बाजार में चिंता बनी हुई है। भारत कच्चे तेल का बड़ा आयातक देश है, इसलिए तेल महंगा होने का सीधा असर रुपये पर पड़ रहा है और रुपया लगातार कमजोर होता जा रहा है।

व्यापार घाटा

व्यापार घाटा और विदेशी मुद्रा भंडार चिंता का कारण

देश के व्यापार घाटे और विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट ने भी रुपये पर दबाव बढ़ा दिया है। वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का व्यापार घाटा 330 अरब डॉलर से ज्यादा पहुंच गया है। वहीं ईरान संकट शुरू होने के बाद भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में करीब 38 अरब डॉलर की कमी दर्ज की गई है। लगातार बढ़ते आयात और डॉलर की मांग के कारण रिजर्व बैंक को बाजार में दखल देना पड़ रहा है।

Advertisement

सोना-चांदी

सोने-चांदी के आयात का भी असर

विशेषज्ञों का कहना है कि सोने और चांदी के बढ़ते आयात ने भी रुपये की स्थिति कमजोर की है। सरकार ने हाल ही में सोने और चांदी पर आयात शुल्क 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया है। इसके बावजूद कीमती धातुओं का आयात लगातार बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 में सोना और चांदी आयात का आंकड़ा 84 अरब डॉलर (लगभग 8,000 अरब रुपये) तक पहुंच गया, जिससे डॉलर की मांग और ज्यादा बढ़ी है।

Advertisement