प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन पर रूसी राष्ट्रपति पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने दी बधाई
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर देश-दुनिया से उनके लिए बधाई संदेश आ रहे हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी उन्हें बधाई दी है। भारत में अमेरिकी दूतावास ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देते हैं। आने वाले वर्ष में आपको अच्छे स्वास्थ्य और खुशियों की शुभकामनाएं।'
रूस
पुतिन बोले- प्रधानमंत्री मोदी को देशवासियों से गहरा सम्मान मिला
पुतिन ने प्रधानमंत्री की तारीफ करते हुए कहा, "आपको अपने देशवासियों से गहरा सम्मान और वैश्विक मंच पर अपार प्रभाव प्राप्त है, जो बिल्कुल उचित है। भारत और रूस के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में आपके व्यक्तिगत योगदान को शब्दों में बयां करना असंभव है।"
पुतिन ने अपनी भारत यात्रा के दौरान उन्हें और उनके प्रतिनिधिमंडल के प्रति आतिथ्य को लेकर भी प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया।
बधाइयां
राहुल गांधी बोले- प्रधानमंत्री की लंबी उम्र की कामना करता हूं
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की बधाई। आपके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं।'
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने लिखा, 'प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को उनके जन्मदिन पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं। ईश्वर उन्हें उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु प्रदान करे।'
इसके अलावा तमाम केंद्रीय मंत्रियों, वरिष्ठ नेताओं और प्रसिद्ध हस्तियों ने भी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन पर शुभकामनाएं भेजी हैं।