अरुणाचल में बांध: भीड़ ने पुलिस थाने-NHPC दफ्तर फूंके, 40 सुरक्षाकर्मी घायल
अरुणाचल प्रदेश में शुक्रवार रात सिआंग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट के खिलाफ हो रहा विरोध प्रदर्शन बेकाबू हो गया। प्रदर्शनकारियों ने एक पुलिस थाने, NHPC के एक दफ्तर और 9 पुलिस गाड़ियों में आग लगा दी। इस दौरान कम से कम 40 सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।
सिआंग जिलों में 12 घंटे के बंद के दौरान कुछ राजनीतिक नेताओं के घरों में भी तोड़फोड़ की गई और उन्हें लूटा गया।
सिआंग के स्थानीय लोग प्री-फीजिबिलिटी रिपोर्ट रोकने की मांग पर अड़े
स्थानीय जनजातियों को चिंता है कि 11,200 मेगावाट का यह बांध उनके समुदायों को विस्थापित कर देगा और पर्यावरण को भी भारी नुकसान पहुंचाएगा।
मुख्यमंत्री पेमा खंडू ने पासीघाट में हुई तोड़फोड़, लूटपाट और संपत्ति को हुए नुकसान पर चिंता जताई है। उन्होंने युवा संगठनों को बातचीत के लिए बुलाया है।
वहीं, स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि उनकी बातें सुने जाने तक प्रोजेक्ट से जुड़ी प्री-फीजिबिलिटी रिपोर्ट (PFR) का काम और सर्वेक्षण रोक दिया जाए। सरकार का तर्क है कि आर्थिक फायदे और संभावित खतरों को समझने के लिए प्री-फीजिबिलिटी अध्ययन बहुत जरूरी है। लेकिन, दोनों पक्षों के बीच सहमति न बन पाने के कारण तनाव बना हुआ है।