उत्तर प्रदेश: ब्लॉक प्रमुख चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के दौरान सीतापुर सहित कई जगहों पर हिंसा
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश में 10 जुलाई को होने वाले ब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर गुरुवार को सभी जिलों में प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए।
इस दौरान कई जगहों पर झड़प, लाठीचार्ज, फायरिंग जैस हिंसक घटनाएं सामने आई। कहीं नामांकन से पहले प्रत्याशी के प्रस्तावकों के अपहरण को लेकर बवाल मचा तो कहीं पर्चा छीनने और महिला प्रत्याशी से बदसलूकी को लेकर बवाल मचा।
इस दौरान पुलिस को स्थिति पर काबू पाने में भारी मशक्कत का सामना करना पड़ा।
चुनाव
ब्लॉक प्रमुख के 825 पदों पर होना है चुनाव
बता दें कि उत्तर प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने गत 6 जुलाई को राज्य के सभी जिलों में ब्लॉक प्रमुख के चुनाव आयोजित करने का कार्यक्रम जारी किया था।
इसके तहत 825 सीटों पर होने चुनाव के लिए 8 जुलाई को नामांकन दाखिल करने और उनकी जांच की जानी है।
इसी तरह 9 जुलाई को आवेदन अपने नामांकन वापस ले सकेंगे और 10 जुलाई को सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। मतदान के बाद मतगणना होगी।
सीतापुर
सीतापुर में निर्दलीय प्रत्याशी के प्रस्तावकों के अपहरण को लेकर हुई फायरिंग
सीतापुर में नामांकन के दौरान एक निर्दलीय प्रत्याशी के दो प्रस्तावकों के अपहरण को लेकर हंगामा हो गया। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओ ने भाजपा समर्थकों पर इसका आरोप लगाया।
इसको लेकर दोनों पक्ष भिड़ गए और जमकर हाथगोले दागे गए तथा फायरिंग की गई। इसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
आक्रोशित लोगों ने कमलापुर थाना क्षेत्र का हाईवे जाम कर दिया है। घायलों को गंभीर हालत में लखनऊ रैफर कर दिया गया है।
जानकारी
पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया
घटना पर काबू पाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसके बाद भीड़ तितर-बितर हो गई। बाद में पुलिस ने दबिश देकर दो लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह मौके पर डटे हुए हैं और अन्य दोषियों की तलाश जारी है।
उन्नाव
निर्दलीय प्रत्याशी का पर्चा फाड़ने को लेकर हुआ बवाल
अमर उजाला की रिपोर्ट के अनुसार, उन्नाव जिले नवाबगंज और असोहा ब्लॉक में जमकर बवाल मचा। नवाबगंज में भाजपा समर्थित प्रत्याशी के समर्थकों ने निर्दलीय उम्मीदवार का पर्चा फाड़ दिया। इससे दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें खदेड़ा।
वहीं असोहा में समाजवादी पार्टी समर्थित प्रत्याशी को नामांकन कराने से रोकने पर विवाद हो गया। दोनों पक्षों की ओर से पथराव भी किया गया, लेकिन पुलिस ने लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को खदेड़ दिया।
इटावा
इटावा में फायरिंग में भाजपा प्रत्याशी का पति घायल
इटावा के चकरनगर में नामांकन के दौरान सपा प्रत्याशी सुनीता देवी के पति शिव किशोर यादव ने फायरिंग कर दी। जिसमें भाजपा प्रत्याशी राधा देवी के पति राकेश यादव घायल हो गए।
इसके बाद दोनों दलों के समर्थक भिड़ गए और पुलिस से भी धक्का-मुक्की की। मौके पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह सहित भारी पुलिस बल तैनात है।
चित्रकूट के मानिकपुर में सपा समर्थकों ने उनके प्रत्याशी नामांकन से रोकने को लेकर सड़क मार्ग जाम कर दिया।
एटा
एटा में उपद्रवियों ने किया पुलिस पर पथ्राव
एटा के मारहरा ब्लॉक में नामांकन दाखिल करने आई सपा प्रत्याशी गुड्डी देवी के हाथों से उप्रदवियों ने नामांकन पत्र छीन लिया।
पुलिस के बीच में आने पर उपद्रवियों ने पथराव कर दिया। इसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिसकर्मियों ने घरों में घुसकर अपनी जान बचाई। बाद में अतिरिक्त जाब्ते के आने पर उपद्रवियों को खदेड़ा गया।
मामले में सपा समर्थकों ने भाजपा समर्थकों पर प्रत्याशी का पर्चा छीनने और उपद्रव करने का आरोप लगाया है।
जानकारी
कानपुर में भी सामने आई हिंसक झड़प
कानपुर देहात में राजपुर ब्लॉक में सपा और भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस दौरान भाजपा समर्थकों ने सपा प्रत्याशी का कुर्ता फाड़ दिया। इससे हंगामा हो गया। वहीं सन्दलपुर ब्लॉक में विवाद के बाद पुलिस को जमकर लाठीचार्ज करना पड़ा।
महाराजगंज
महाराजगंज में महिला प्रत्याशी के साथ हुई धक्का-मुक्की
महाराजगंज में भाजपा प्रत्याशी ने सदर ब्लाक परिसर में नामांकन दाखिल किया। इस दौरान दूसरे प्रत्याशी को नामांकन से रोकने की कोशिश पर हिंसा हो गई। उपद्रवियों ने महिला प्रत्याशी के साथ धक्का-मुक्की और छीना-झपटी की। इस दौरान पुलिस तमाशबीन बनी रही।
वहीं बागपत के छपरोली ब्लॉक में प्रत्याशी को नामांकन से रोकने पर हंगामा हो गया। इस दौरान RLD समर्थक और पुलिस के बीच गंभीर झड़प देखने को मिली।
बस्ती
बस्ती में पुलिस ने किया उपद्रवियों पर लाठीचार्ज
बस्ती के गौर ब्लॉक में भाजपा समर्थकों के विपक्ष के प्रत्याशी को नामांकन दाखिल करने से रोकने पर हंगामा हो गया। दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। इस पर पुलिस ने लाठाीचार्ज कर उन्हें खदेड़ा।
वहीं पीलीभीत के अमरिया ब्लॉक में निर्दलीय प्रत्याशी के नामांकन के दौरान भाजपा समर्थकों ने बीच सड़क पर गाड़ी लगाकर नामांकन करने से रोकने का प्रयास हुआ।
इतना ही उपद्रवियों ने निर्दलीय प्रत्याशी की गाड़ी पर हमला किया। बाद में पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
आजमगढ़
आजमगढ़ में सपा प्रत्याशी का सिर फोड़ा
आजमगढ़ के पवई ब्लॉक पर भाजपाइयों ने सपा प्रत्याशी को नामांकन दाखिल नहीं करने दिया। इतना ही नहीं भाजपा विधायक अरूणकांत यादव ने स्वयं लाठी से सपा प्रत्याशी पर हमला कर दिया। जिससे उसका सिर फट गया।
पुलिस ने लाठियां भांज कर भाजपाइयों को किसी तरह हटाया और सपा प्रत्याशी को अंदर पहुंचाया, लेकिन प्रस्तावक के डर कर भाग जाने के कारण दोपहर दो बजे तक सपा प्रत्याशी का नामांकन नहीं हो सका था।
जानकारी
यहां भी सामने आई हिंसक घटनाएं
संतकबीर नगर के बेलहर ब्लॉक, बहराइच के बलहा, फतेहपुर के तेलियानी, सहारनपुर के गंगोह, रायबरेली के हरचंदपुर, झांसी के बड़ागांव, अम्बेडकरनगर के टांडा और जौनपुर में भी कई जगहों पर हिंसा की घटनाएं सामने आई है। सभी जगहों पर भारी पुलिस बल तैनात है।