LOADING...
फरीदाबाद के होटल में दिखा कुख्यात अपराधी विकास दुबे, पुलिस के पहुंचने से पहले हुआ फरार

फरीदाबाद के होटल में दिखा कुख्यात अपराधी विकास दुबे, पुलिस के पहुंचने से पहले हुआ फरार

Jul 08, 2020
10:49 am

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश का कुख्यात अपराधी विकास दुबे मंगलवार को कथित तौर पर हरियाणा के फरीदाबाद के एक होटल में देखा गया था। उसकी मौजूदगी की सूचना पाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचती, उससे पहले ही वह और उसके चार साथी वहां से फरार हो गए। गौरतलब है कि आठ पुलिसकर्मियों को घात लगाकर मारने के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस विकास की तलाश में जुटी हुई है। आइये, पूरा मामला विस्तार से जानते हैं।

कुख्यात अपराधी

कौन है विकास दुबे?

कानपुर के बाकरू गांव का रहने वाला विकास दुबे कुख्यात अपराधी है। उसके नाम 60 से ज्यादा आपराधिक मामले हैं। 2001 में उसने एक थाने में घुसकर राज्यमंत्री की हत्या की थी। हाल ही में जब एक शिकायत पर पुलिसकर्मियों की टीम उसे गिरफ्तार करने गई तो उसके लोगों ने घात लगाकर रात के अंधेरे में पुलिस पर हमला कर दिया। इसमें एक DSP समेत आठ पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी।

कार्रवाई

विकास की तलाश के लिए किया गया STF का गठन

उत्तर प्रदेश पुलिस ने विकास की तलाश के लिए स्पेशल टास्क फोर्स (STF) का गठन किया है। बीते दिन उसके ठिकाने की जानकारी मिलने के बाद STF ने हरियाणा पुलिस के साथ मिलकर फरीदाबाद के एक होटल पर छापेमारी की। लगभग दो घंटे तक चले इस छापेमारी अभियान में उसके तीन गुर्गों से पूछताछ की गई। होटल की CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि विकास जैसा दिखने वाला एक शख्स वहां खड़ा है।

Advertisement

डर

एनकाउंटर के डर से सरेंडर करना चाह रहा है विकास

फरीदाबाद के होटल से फरार होने के बाद पुलिस आसपास के इलाकों की CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि उसकी तलाश की जा सके। वहीं गुरूग्राम, फरीदाबाद और दिल्ली पुलिस को भी अलर्ट किया गया है। वहीं टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि एनकाउंटर में मारे जाने के डर से विकास दुबे दिल्ली की किसी अदालत में सरेंडर करना चाहता है। वह जानबूझकर उत्तर प्रदेश की जगह दिल्ली की अदालत में सरेंडर करना चाहता है।

Advertisement

उत्तर प्रदेश

एनकाउंटर में मारा गया विकास का खास गुर्गा

एक तरफ जहां विकास पुलिस की पकड़ से बाहर है वहीं STF ने उसके खास गुर्गे अमर दुबे को बुधवार सुबह हमीरपुर जिले में एक एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। अमर उत्तर प्रदेश से भागकर मध्य प्रदेश में छिपना चाहता था, लेकिन सीमा पर चौकसी देखकर उसने अपना मन बदल लिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह मौदाहा इलाके में अपने एक रिश्तेदार के घर जा रहा था, तभी STF को उसकी भनक लग गई।

एनकाउंटर

गोलीबारी में दो पुलिसकर्मियों को भी आई चोटें

अमर को विकास का बेहद खास गुर्गा माना जाता था और पुलिस ने उसके ऊपर 25,000 रुपये का ईनाम घोषित किया हुआ था। अल सुबह ही STF को उसकी लोकेशन की जानकारी मिली और उसने जिला पुलिस की मदद से उसे घेर लिया। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में दो पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। मुठभेड़ के बाद फॉरेंसिक विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटा रही है।

Advertisement