कर्नाटक: कथित यौन उत्पीड़न के आरोपी शिक्षक ने SP कार्यालय से कूदकर जान गंवाई
देश
कर्नाटक के विजयनगर जिले के एक शारीरिक शिक्षा शिक्षक की रविवार को मौत हो गई। उन्हें हाल ही में चन्नापटना तालुक के एक निजी स्कूल में बच्चों के साथ कथित यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
गिरफ्तारी के बाद की कुछ औपचारिकताएं पूरी करने के लिए उन्हें हिरासत में रखा गया था, तभी उन्होंने रामनगर में पुलिस अधीक्षक कार्यालय की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
पुलिस बोली- शिक्षक ने कांस्टेबल को धक्का दिया और कूद गए
पुलिस ने बताया कि मेडिकल जांच के बाद फिंगरप्रिंटिंग के लिए वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय में थे। इसी दौरान उन्होंने अचानक एक कांस्टेबल को धक्का दिया और तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी।
उन्हें फौरन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चोटों की वजह से उनकी जान नहीं बच पाई। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।