Page Loader
विजय माल्या ने फिर की कर्ज चुकाने की पेशकश, CBI पर लगाया निशाना बनाने का आरोप

विजय माल्या ने फिर की कर्ज चुकाने की पेशकश, CBI पर लगाया निशाना बनाने का आरोप

Jul 03, 2019
11:49 am

क्या है खबर?

भारतीय बैंकों के लगभग 9,000 करोड़ रुपये लेकर भागे विजय माल्या ने एक बार फिर से सारा कर्ज लौटाने की पेशकश की है। ट्वीट के जरिए ये पेशकश करते हुए माल्या ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) पर उन्हें निशाना बनाने का आरोप लगाया। उसने ये बात मंगलवार को UK हाई कोर्ट के उस फैसले के बाद कही, जिसमें कोर्ट ने उसे प्रत्यर्पण के खिलाफ अपील करने की अनुमति दी। वह इससे पहले भी कर्ज लौटाने की पेशकश कर चुका है।

पृष्ठभूमि

निचली अदालत और ब्रिटेन के गृह मंत्रालय ने दी थी प्रत्यर्पण को मंजूरी

घोटाला करके भागा माल्या साल 2016 से ब्रिटेन में रह रहा है। दिसंबर 2018 में इंग्लैंड की वेस्टमिंस्टर अदालत ने माल्या के भारत प्रत्यर्पण की मंजूरी दी थी। निचली अदालत के इस फैसले के बाद ब्रिटेन के गृह मंत्री साजिद जाविद ने फरवरी में माल्या के प्रत्यर्पण पर हस्ताक्षर इसे राजनीतिक मंजूरी दी। माल्या ने इसी फैसले के खिलाफ अपील करने की इजाजत मांगी थी, जो लंदन की रॉयल कोर्ट ऑफ जस्टिस ने उसे दी दी।

फैसला

हाई कोर्ट ने मजिस्ट्रेट जज के फैसले को पाया तर्क करने योग्य

मंगलवार को दो सदस्यीय बेंच ने कहा, "अब तक का निष्कर्ष ये है कि वरिष्ठ मजिस्ट्रेट जज का ये मानना गलत था कि सरकार ने प्रथम दृष्टया केस पाया है। हम सहमत है कि अपील का पहला आधार तर्क करने योग्य है।" माल्या की वकील ने तर्क दिया था कि मजिस्ट्रेट जज भारतीय अधिकारियों के इस तर्क को मानने में गलते थे कि माल्या ने फ्रॉड करने के मकसद से किंगफिशर एयरलाइन्स के लिए बैंकों से कर्ज लिया था।

ट्वीट

माल्या ने बताया न्याय की जीत

माल्या की वकील ने कहा कि मजिस्ट्रेट जज व्यापारिक विफलता को देखने में असफल रहे। हाई कोर्ट ने उनकी इन दलीलों को स्वीकार कर लिया और प्रत्यर्पण के खिलाफ अपील की इजाजत दी। फैसले पर ट्वीट करते हुए माल्या ने कहा, "भगवान महान है। न्याय की जीत हुई। ब्रिटेन हाई कोर्ट के दो वरिष्ठ जजों की बेंच ने मुझे मजिस्ट्रेट जज और CBI के आरोपों के खिलाफ अपील करने की इजाजत दी। मैंने हमेशा कहा था कि आरोप झूठे हैं।"

ट्विटर पोस्ट

माल्या ने कहा- हमेशा कहा था आरोप झूठे हैं

बयान

'कर्ज लौटा कर जीवन में आगे बढ़ना चाहता हूं'

माल्या ने अगले ट्वीट में कर्ज वापस करने की पेशकश की। उन्होंने लिखा, "आज मेरे लिए अच्छे कोर्ट निर्णय के बावजूद, मैं फिर से किंगफिशर एयरलाइन्स को पैसा देने वाले बैंकों का सारा कर्ज लौटाने की पेशकश को दोहराता हूं। कृपया पैसा वापस ले लीजिए। मैं अन्य लेनदारों और कर्मचारियों को भी पैसा देकर जीवन में आगे बढ़ना चाहता हूं।" आखिरी ट्वीट में माल्या ने CBI पर उन्हें चुन कर निशाना बनाने का आरोप लगाया।

ट्विटर पोस्ट

CBI पर चुनकर निशाना बनाने का आरोप

किंगफिशर एयरलाइन्स कर्ज

माल्या पहले भी कर चुका है कर्ज लौटाने की पेशकश

माल्या ने अपनी किंगफिशर एयरलाइन्स के लिए कई भारतीय बैंकों से 9,000 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। एयरलाइन्स के डूबने के बाद माल्या ये कर्ज नहीं लौटा पाया और देश छोड़कर भाग गया। सरकार ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। सरकार उसके प्रत्यर्पण की कोशिशों में लगी हुई है। इस बीच माल्या कई बार बैंकों का कर्ज लौटाने की पेशकश कर चुका है। उसने बैंकों को उससे पैसा लेकर जेट एयरवेज को बचाने की पेशकश भी की थी।