दिल्ली में 1.40 लाख छात्राओं को मिलेगी मुफ्त साइकिल, अब स्कूल का रास्ता होगा आसान
दिल्ली में अब स्कूली छात्राओं के लिए स्कूल पहुंचना आसान हो जाएगा। सरकार ने 'विद्या वाहिनी' नाम से एक खास योजना शुरू की है। इसके तहत छात्राओं को मुफ्त साइकिलें दी जा रही हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खुद इस योजना का आगाज किया। पहले चरण में सरकारी स्कूलों की 9वीं कक्षा की 3,000 से ज्यादा छात्राओं को साइकिलें मिल चुकी हैं। सरकार का लक्ष्य है कि जल्द ही शहर भर की लगभग 1.40 लाख योग्य छात्राओं तक यह सुविधा पहुंचे।
पढ़ाई छोड़ने की दर कम करना है विद्या वाहिनी का लक्ष्य
मुख्यमंत्री गुप्ता ने इस मौके पर कहा कि आने-जाने की परेशानी किसी भी लड़की की पढ़ाई में रुकावट नहीं बननी चाहिए। 'विद्या वाहिनी' के लिए 90 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। इस योजना का मकसद लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाना है, जिससे वे स्कूल में अपनी हाजिरी बढ़ा सकें, पढ़ाई बीच में न छोड़ें और माता-पिता भी उनकी सुरक्षा को लेकर निश्चिंत रहें। शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने बताया कि यह योजना खासकर उन लड़कियों के लिए फायदेमंद होगी, जिन्हें 9वीं कक्षा में आने के बाद स्कूल आने-जाने में दिक्कतें आती हैं।