पोस्टमॉर्टम रूम में 'पार्टी' कर रहे थे डॉक्टर, वीडियो वायरल होते ही सस्पेंड
महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवाड़ में स्थित यशवंतराव चव्हाण मेमोरियल अस्पताल के एक डॉक्टर को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई एक वीडियो सामने आने के बाद हुई, जिसमें डॉक्टर कथित तौर पर अस्पताल के पोस्टमॉर्टम रूम के अंदर शराब पार्टी करते दिख रहे हैं।
घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है, जब कोई व्यक्ति डेथ सर्टिफिकेट का इंतजार कर रहा था। वायरल हुए उस वीडियो में एक मेज पर खाने-पीने का सामान और शराब की बोतल रखी दिख रही थी।
डॉक्टर वैभव म्हस्के निलंबित, जांच के आदेश
वीडियो ऑनलाइन वायरल होने के बाद, अस्पताल प्रशासन ने तुरंत इसमें शामिल सभी लोगों को नोटिस भेजा। डॉक्टर वैभव म्हस्के को मेडिकल नैतिकता और सरकारी नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है। उनके खिलाफ अब विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
निलंबन के दौरान वे कहीं और काम नहीं कर पाएंगे। इस घटना के सामने आने के बाद अस्पताल में निगरानी और अनुशासन को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं।