वेनेजुएला अब भारत का तीसरा सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता बना
मई 2026 में एक बड़ा फेरबदल हुआ है, अब वेनेजुएला भारत को कच्चा तेल सप्लाई करने वाला तीसरा सबसे बड़ा देश बन गया है। 9 महीने के लंबे ब्रेक के बाद, मई के शुरुआती 20 दिनों में वेनेजुएला से तेल का आयात बढ़कर करीब 417,000 बैरल प्रतिदिन तक पहुंच गया। यह आंकड़ा अप्रैल के 283,000 बैरल प्रतिदिन से काफी ज्यादा है। इस बदलाव से साफ पता चलता है कि भारतीय रिफाइनर वैश्विक बाजार में बदलती आपूर्ति के अनुसार कितनी फुर्ती से खुद को ढाल लेते हैं।
अमेरिकी फैसले से वेनेजुएला के निर्यात में आया उछाल
वेनेजुएला का कच्चा तेल सस्ता पड़ता है और यह रिलायंस इंडस्ट्रीज के गुजरात प्लांट जैसी आधुनिक रिफाइनरियों के लिए काफी मुफीद है। ये रिफाइनरियां भारी श्रेणी के तेल को भी आसानी से प्रोसेस कर पाती हैं। वेनेजुएला की यह वापसी इसलिए संभव हुई क्योंकि इस साल की शुरुआत में अमेरिका ने तेल निर्यात पर लगी पाबंदियों में ढील दी थी। इस फैसले के बाद वेनेजुएला 2018 के बाद अपने निर्यात को सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंचा पाया है।