जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में फटा बादल, भूस्खलन की चपेट में आए दर्जनों वाहन
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में बन रहे कुवार हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट पर रविवार रात को अचानक बादल फट गया। बादल फटने के बाद कीचड़ और पत्थरों का सैलाब आ गया, जिसने वहां खड़े ट्रकों और टैंकरों को अपनी चपेट में ले लिया और वे मलबे में दब गए। मलबे को हटाने के लिए भारी मशीनरी लगाई गई है और साफ-सफाई का काम चल रहा है। घटनास्थल से सामने आए वीडियो में साफ दिख रहा है कि मलबे का कितना बड़ा ढेर जमा हो गया है।
डोडा में भूस्खलन से जम्मू-किश्तवाड़ राजमार्ग बंद
लगातार हो रही बारिश के कारण डोडा जिले में एक और भूस्खलन हुआ है, जिससे मुख्य जम्मू-किश्तवाड़ राजमार्ग बंद हो गया है। इस वजह से फिलहाल आवाजाही रोक दी गई है। मौसम विभाग ने आगे और बारिश, साथ ही कुछ इलाकों में अचानक बाढ़ आने की आशंका जताई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारी सड़कों को फिर से खोलने और सुरक्षा व्यवस्था को बहाल करने में जुटे हुए हैं।