मद्रास हाई कोर्ट का बड़ा आदेश, सभी न्यायालयों में राष्ट्रगान से पहले गाया जाएगा 'वंदे मातरम
मद्रास हाई कोर्ट ने स्वतंत्रता दिवस से पहले एक अहम फैसला लिया है। अब चेन्नई की मुख्य पीठ, मदुरै पीठ, तमिलनाडु और पुडुचेरी के सभी जिला अदालतों के साथ ही मदुरै और कोयंबटूर में स्थित तमिलनाडु न्यायिक अकादमी परिसर और उसके क्षेत्रीय केंद्रों पर होने वाले कार्यक्रमों में राष्ट्रगान से पहले 'वंदे मातरम' बजाया जाएगा। यह जानकारी रजिस्ट्रार जनरल दीप्ति अरिवुनिथि ने दी है। यह कदम 'हर घर तिरंगा अभियान 2026' का हिस्सा है, जिसे 'वंदे मातरम' के 150 साल पूरे होने के मौके पर मनाया जा रहा है।
मदुरै के वकीलों ने की 'तमिल थाई वझथु' की मांग
आमतौर पर बजाया जाने वाला राज्य गीत 'तमिल थाई वझथु' इस परिपत्र में शामिल नहीं किया गया था। इस बात पर वकीलों में नाराजगी देखी गई है। मद्रास हाई कोर्ट बार एसोसिएशन की मदुरै पीठ (MMBA) ने इसे शामिल करने की मांग की है। उनका तर्क है कि 'तमिल थाई वझथु' तमिल विरासत और परंपरा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।