उत्तराखंड के टिहरी में 300 मीटर गहरी खाई में गिरा पिकअप वाहन, 8 की मौत
क्या है खबर?
उत्तराखंड के टिहरी में गुरुवार शाम को एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर 300 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में 8 लोगों की मौत हुई है। घटना चंबा-कोटीकॉलोनी मार्ग पर नैल के पास हुई है। हादसे के समय पिकअप वाहन पर चालक समेत 11 लोग सवार थे। 2 लोगों को किसी तरह बचा लिया गया है। उनको खाई से निकालकर पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौजूद है।
हादसा
अंतिम संस्कार से लौट रहे थे सभी
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, पिकअप सवार लोग घनसाली क्षेत्र के रहने वाले हैं, जो हरिद्वार में एक परिजन की अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए सुबह 6 बजे घर से निकले थे। हरिद्वार से लौटते समय इन्होंने दोपहर बाद करीब 3 बजे एक जगह रुककर खाना खाया। इसके बाद सवा 4 बजे नैल गांव के पास वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। हादसे में 8 की मौत हो गई, जबकि अंकित, उत्तम कुमार और एक अन्य घायल हो गए।
हादसा
झपकी को बताया जा रहा कारण
हादसे के कारणों का पता नहीं चला है, लेकिन बताया जा रहा है कि संभवत: वाहन चालक को खाना खाने के बाद झपकी आई होगी, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। पुलिस का कहना है कि अभी मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। सभी एक ही गांव के बताए जा रहे हैं। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। हादसे की खबर गांव में पहुंचते ही मातम पसर गया है। वाहन के परखच्चे उड़ गए हैं।