उत्तराखंड: लैंसडाउन क्षेत्र में खाई में गिरा सवारी वाहन, 6 महिलाओं समेत 7 की मौत
क्या है खबर?
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के लैंसडाउन क्षेत्र में शनिवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में 6 महिलाओं समेत 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हृदयविदारक घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की है।
हादसा
कैसे हुआ यह भीषण हादसा?
लैंसडाउन की उपखंड मजिस्ट्रेट (SDM) शालिनी मौर्य ने बताया कि यह दुर्घटना कलवाड़ी गांव के पास हुई, जब कुल 12 लोगों को ले जा रहा एक 'मैक्स' वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
लैंसडाउन से भाजपा विधायक दिलीप रावत ने बताया कि हादसे का शिकार हुई महिलाएं रिखणीखाल से अपने गांव लौट रही थीं।
मृतकों में वाहन चालक भी शामिल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
मुआवजा
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक, PMNRF से मुआवजे की घोषणा
प्रधानमंत्री मोदी ने हादसे पर शोक जताते हुए मुआवजे की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने एक्स पर लिखा, 'उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में हुई दुर्घटना में लोगों की मृत्यु से अत्यंत दुखी हूं। मृतकों के परिजनों के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।'
निर्देश
घायलों को एयरलिफ्ट करने के निर्देश
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर लिखा, 'रिखणीखाल में एक भीषण सड़क दुर्घटना का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करता हूं। मैंने जिला प्रशासन को तत्काल दुर्घटनास्थल पर पहुंचने, बचाव कार्यों में तेजी लाने और घायलों का उचित चिकित्सा उपचार मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। गंभीर घायलों को उच्च चिकित्सा केंद्रों में एयरलिफ्ट करने को भी कहा है।'