उत्तराखंड के देवप्रयाग में 8 लोगों से भरी इनोवा कार खाई में गिरकर अलकनंदा में समाई
क्या है खबर?
उत्तराखंड में टिहरी गढ़वाल जिले के देवप्रयाग में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई और लुढ़कते हुए अलकनंदा नदी में समा गई। हादसा ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर चकासा के पास हुआ है। घटना के समय कार में 8 लोग सवार थे, जिसमें 3 लोगों के शव मिल गए हैं। देवप्रयाग पुलिस, राजस्व विभाग और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें खोज और बचाव कार्य में लगी हैं।
हादसा
सड़क किनारे लगे पैराफिट को तोड़कर खाई में गिरी कार
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उत्तराखंड की नंबर वाली कार (UK 08 TA 5433) अपनी रफ्तार में जा रही थी, तभी सैनिक होटल और पंत गांव के बीच अनियंत्रित हो गई और 200 मीटर गहरी खाई में गिरने के बाद लुढ़कती हुई नदी में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार ने सड़क किनारे लगे पैराफिट को भी तोड़ दिया। कार में सवार किसी को भी कूदकर बचने का मौका नहीं मिला।
जांच
नदी में चल रहा खोजबीन अभियान
पुलिस ने बताया कि कार में सवार लोग कौन थे, इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिली है। फिलहाल, सभी थानों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस ने लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए अलकनंदा नदी में गोताखोरों की मदद से निरंतर खोज अभियान चला रही है। अभी तक जिन 3 लोगों के शव मिले हैं, उनकी भी पहचान उजागर नहीं हुई है।
ट्विटर पोस्ट
हादसे के बाद मौके पर मौजूद टीम
खाई में गिरी कार, मची चीख-पुकार!
— News Leader (@NewsLeaderLive) June 2, 2026
उत्तराखंड: टिहरी गढ़वाल के ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग के पास खाई में गिरी कार. गाड़ी में कितने लोग सवार थे फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है.#NewsLeader | @TehriGarhwalPol pic.twitter.com/tJ7gTehb7F