गुजरात से गंगोत्री जा रहे तीर्थयात्रियों की इनोवा उत्तरकाशी में नदी में गिरी, 4 की मौत
क्या है खबर?
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां गंगनानी के पास गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। हादसा उस समय हुआ, जब कार धारा कुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर थी। हादसे के समय कार में 7 लोग सवार थे, जिसमें 4 की मौत हो गई है। पुलिस और बचाव दल के सदस्यों ने 4 शव बरामद कर लिए हैं। अन्य की तलाश जारी है।
हादसा
गुजरात से गंगोत्री जा रहे थे तीर्थ यात्री
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इनोवा में सवार सभी लोग गुजरात के रहने वाले थे और गंगोत्री दर्शन करने जा रहे थे। हालांकि, उनके निवास स्थान के बारे में जानकारी नहीं मिली है।
उन्होंने उत्तराखंड में ही टैक्सी किराए पर ली थी। घटना के बाद सामने आए वीडियो में 4 लोगों के शव नदी के पास पत्थरों में फंसे मिले हैं।
पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। उनके परिजनों तक सूचना भेजने की कोशिश है।
जांच
वाहन में सवार अन्य 3 का पता नहीं
पुलिस का कहना है कि घटना की सूचना मिलने के बाद वे बचाव दल के साथ मौके पर पहुंचे थे। कार नदी में थी और तेज बहाव के कारण राहत कार्य चलाने में कठिनाई आ रही थी।
अभी तक कार में सवार 3 अन्य लोगों का पता नहीं चला है। उनके नदी के तेज बहाव में बहने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने हर बैरियर पर टीम को अलर्ट किया है।
ट्विटर पोस्ट
उत्तराखंड में हादसा
इनोवा कार नदी में समाई
— Bhupi Panwar (@askbhupi) November 5, 2026
उत्तरकाशी के गंगनानी क्षेत्र में गर्मकुंड से करीब 20 मीटर आगे डबराणी की ओर एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम को कार के पास चार लोगों के शव बरामद हुए हैं। वहीं, अन्य लोगों की तलाश में रेस्क्यू अभियान… pic.twitter.com/w99rVCHHLv