उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला, 13 दिन कावड़ियों को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर नहीं मिलेगा प्रवेश
अगर आप इस साल कांवड़ यात्रा पर निकलने की सोच रहे हैं, तो आपके लिए यह एक अहम खबर है। उत्तराखंड सरकार ने फैसला किया है कि 30 जुलाई से 11 अगस्त तक दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ियों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। पड़ोसी राज्यों के आला अधिकारियों के साथ हुई एक बैठक के बाद यह फैसला लिया गया है। इस कदम का मकसद ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखना और बड़ी संख्या में हरिद्वार गंगाजल लेने पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
7 राज्यों और एजेंसियों ने कांवड़ यात्रा की सुरक्षा बढ़ाई
कांवड़ यात्रा में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सात राज्य और कई केंद्रीय एजेंसियां एक साथ मिलकर काम कर रही हैं। यात्रा के दौरान जगह-जगह अतिरिक्त जांच चौकियां बनाई गई हैं, जहां पहचान पत्रों की जांच होगी। साथ ही, हथियारों पर भी सख्त पाबंदी रहेगी। अनुमान है कि 5 अगस्त से कांवड़ यात्रा में सबसे ज्यादा भीड़ उमड़ेगी, क्योंकि 31 जुलाई से 4 अगस्त तक पंचक काल है। ऐसे में अधिकारी लगातार हालात पर नजर रखेंगे और व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार संपर्क में भी रहेंगे।