उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में बोलेरो खाई में गिरी, एक परिवार के 5 लोगों की मौत
क्या है खबर?
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शुक्रवार को एक बोलेरो कार अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरे खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार 5 लोगों की मौत हुई है। हादसा देवप्रयाग-पौड़ी मोटर मार्ग पर सबदरखाल के पास हुआ। घटना के समय वाहन में 7 लोग सवार थे और वे देवप्रयाग से पौड़ी की ओर जा रहे थे। घटना की सूचना पर पुलिस और बचाव दल की टीम मौके पर पहुंच गई। उसने 5 शव बरामद किए हैं।
हादसा
कार में सवार थे एक ही परिवार के लोग
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, लक्सर के जीतपुर रायपुर के रहने वाले एक परिवार को पौड़ी ले जा रहा था, तभी कुंडाधार के पास वाहन अनियंत्रित हो गया और खाई में गिर गया।
पुलिस और ग्रामीणों की सहायता से अरमान नाम के बच्चे को सुरक्षित खाई से निकाला गया। वह घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है।
इसके बाद 2 पुरुष, एक महिला और 2 अन्य बच्चों के शव निकाले गए। उनको पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
शोक
घायलों को एयरलिफ्ट करने का आदेश
घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताते हुए जिला प्रशासन को दुर्घटना में घायलों को समुचित और त्वरित उपचार के लिए कहा है।
साथ ही, गंभीर रूप से घायलों को आवश्यकता के अनुरूप एयरलिफ्ट कर हायर सेंटर भेजने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने और मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।
अभी तक हादसे के कारणों का पता नहीं चला है।