उत्तराखंड में बद्रीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, 6 लोगों के मारे जाने की आशंका
क्या है खबर?
उत्तराखंड के चमोली जिले में जोशीमठ के पास शुक्रवार को भारी बारिश और घने कोहरे के बीच एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ से लौट रहा था। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत 6 लोग सवार थे, जिसमें सभी के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के समय हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम और जोशीमठ के बीच था और अचानक उससे संपर्क टूट गया। विमान की तलाश के लिए 2 और हेलीकॉप्टर खोजबीन में लगाए गए हैं।
लापता
मलबे के कुछ दृश्य दिखे
हेलीकॉप्टर चलाने वाले पायलट की पहचान कैप्टन हिमांशु सभरवाल के तौर पर हुई है। उनके साथ अरुण सालुंके, एचएस नागराजा, प्रताप बच्चिहाली निंगराजन, सुधीर के और शंकरगौड़ा वीबी विमान में सवार थे।
जिला प्रशासन की हवाई टीम को इलाके में मलबे के कुछ दृश्य दिखे हैं, जिससे दुर्घटनाग्रस्त होने की संभावना की पुष्टि हुई है। हालांकि, आसपास बादल और कोहरा होने से कुछ पता नहीं चल पा रहा।
बचाव दल और पुलिस भी घटनास्थल के लिए रवाना की गई है।
ट्विटर पोस्ट
हेलीकॉप्टर उड़ने के बाद लापता
HELICOPTER GOING TO BADRINATH REPORTED MISSING IN JOSHIMATH AMID HEAVY RAINFALL
— Subodh Kumar (@kumarsubodh_) October 30, 2026
A helicopter flying from Dehradun to Badrinath has gone missing in the Joshimath region amid continuous rain and dense cloud cover. Six people, including the pilot, were reportedly on board.
Two… pic.twitter.com/H6ZdaZOj3V
हादसा
मुख्यमंत्री धामी ने भी घटना की जानकारी ली
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर लिखा, 'चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से बचाव ऑपरेशन चलाया जा रहा है। स्वयं भी पूरे घटनाक्रम की निरंतर निगरानी कर रहा हूं। गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार हेतु हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं।'
जानकारी
पिछले साल भी एक के बाद एक हुए थे हादसे
पिछले साल 8 मई को उत्तरकाशी में हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ था, जिसमें 6 मौत हुई थी। इसके बाद, 7 जून को रूद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाइवे पर हेलीकॉप्टर गिरा। हालांकि, सभी यात्री बच गए। फिर 15 जून को केदारनाथ जा रहा हेलीकॉप्टर क्रैश होने से 5 मौत हुई।
मौसम
खराब मौसम में उड़ान की इजाजत देने पर सवाल
पहाड़ों पर इस समय मौसम खराब है। केदारनाथ धाम में गुरुवार से लगातार बर्फबारी हो रही है और आस-पास की पहाड़ियां बर्फ की मोटी चादर से ढक गईं हैं।
ऐसे में हेलीकॉप्टर को उड़ाने की इजाजत देने पर सवाल उठ रहे हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हादसा बद्रीनाथ से लौटते समय हुआ है।
देहरादून के मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सीएस तोमर ने कहा कि अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की उम्मीद है।