AI की मदद से उत्तर प्रदेश पुलिस ने सुलझाई हत्या की गुत्थी, आरोपी गिरफ्तार
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक की मदद से अब अपराध के बारे में पता लगाना भी काफी आसान हो गया है। उत्तर प्रदेश के आगरा में पुलिस ने हत्या के एक जटिल मामले को सुलझाने के लिए आधुनिक AI तकनीक का उपयोग किया है। AI की मदद से पुलिस ने बड़े ही कम समय में यमुना एक्सप्रेसवे पर मिली एक अज्ञात युवती की पहचान कर ली, जिससे पूरे मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ सकी।
शव
यमुना एक्सप्रेसवे पर मिला था शव
शुक्रवार को यमुना एक्सप्रेसवे पर माइल स्टोन 148 के पास एक नाले में कंबल में लिपटा युवती का शव मिला था। शव का चेहरा बुरी तरह विकृत था, जिससे पहचान करना पुलिस के लिए बेहद मुश्किल हो रहा था। हाथों में मेहंदी, पैरों में बिछुए और मांग में सिंदूर होने से पुलिस को शक हुआ कि युवती शादीशुदा थी और हाल ही में कहीं गई थी। गर्दन और चेहरे पर चोट के निशान भी साफ तौर पर पाए गए थे।
खोज
AI से बनी तस्वीर ने खोला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए DCP पश्चिमी जोन आदित्य कुमार ने AI की मदद से मृतका की एक साफ तस्वीर तैयार करवाई। इस तस्वीर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया गया, ताकि पहचान हो सके। कुछ ही समय में यह तस्वीर एक सोशल मीडिया अकाउंट से मैच हुई और युवती की पहचान महोबा की रहने वाली सोनाली के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस को जांच में कई अहम सुराग मिले और शक और भी गहरा गया।
जांच
प्रेमी गिरफ्तार, जांच जारी
जांच में सामने आया कि सोनाली अपने प्रेमी सनी के साथ दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में किराए के मकान में रह रही थी। पुलिस ने दिल्ली में छानबीन कर सनी को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि सनी ने पीछा छुड़ाने के लिए सोनाली की हत्या की और शव को काले टेप में पैक कर एक्सप्रेसवे के किनारे फेंक दिया। पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है। जल्द ही हत्या के पूरे कारण और साजिश सामने आ सकते हैं।