Page Loader
उत्तर प्रदेश: पत्नी ने नहीं रखा करवा चौथ का व्रत, पुलिसकर्मी ने गोली मारकर आत्महत्या की
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पत्नी के करवाचौथ का व्रत न रखने पर सिपाही ने आत्महत्या की (तस्वीर: फ्रीपिक)

उत्तर प्रदेश: पत्नी ने नहीं रखा करवा चौथ का व्रत, पुलिसकर्मी ने गोली मारकर आत्महत्या की

लेखन गजेंद्र
Nov 03, 2023
10:33 am

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक सिपाही ने AK-47 राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक सिपाही अजित कुमार हैं। वह कोतवाली के क्षेत्राधिकारी देश दीपक सिंह के गनर थे। घटना बुधवार रात करीब 11ः00 बजे नागफनी क्षेत्र की शिव विहार कॉलोनी में हुई। घटना के समय अजित अपनी ड्यूटी खत्म कर कमरे पर पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार, अजित को पता चला कि उनकी पत्नी ने करवा चौथ का व्रत नहीं रखा है तो उन्होंने आत्महत्या कर ली।

मामला

डेढ़ साल पहले हुई थी अजित की शादी

अजित के पिता पवन कुमार हेड कांस्टेबल हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि अजित की शादी डेढ़ साल पहले बागपत निवासी चंचल से हुई थी। शादी के बाद से दोनों के बीच विवाद चल रहा था और चंचल 9 माह से अपने मायके में थी। अजित शिव विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे। बुधवार को अजित ने कमरे पर पहुंचकर चंचल से बात की थी, जिसमें उन्हें उसके व्रत न रखने की बात पता चली।

घटना

अजित ने गर्दन में मारी गोली

अजित ने फोन पर बात करने के बाद अपनी गर्दन के ऊपर राइफल रखी और गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर मकान मालिक अजित के कमरे पर पहुंचे तो दरवाजा बंद था। खिड़की से झांका तो खून से लथपथ अजित दिखा। अजित के पिता ने लड़की के परिवार पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वह मानसिक दबाव में था। राइफल साथ घर ले जाने को पुलिस ने गनर की आपातकालीन ड्यूटी का हिस्सा बताया है।

जानकारी

यहां से लें सहायता

अगर आप या आपके जानने वाले किसी भी प्रकार के तनाव से गुजर रहे हैं और मन में आत्महत्या के ख्याल आते हैं तो सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय के हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 या आसरा NGO के हेल्पलाइन नंबर 91-22-27546669 पर संपर्क करें।