उत्तर प्रदेश: मिर्जापुर में ट्रक की चपेट में आए 3 वाहन; 11 मौत, 9 जिंदा जले
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई। रात करीब साढ़े 9 बजे मिर्जापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर ड्रमंडगंज घाटी में बड़का मोड़ के पास एक ट्रक ने अपने आगे चल रहे बोलेरो, स्विफ्ट डिजायर कार और ट्रैक्टर-ट्राले को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बोलेरो में आग लग गई, जिसमें सवार परिवार के 9 लोग जिंदा जल गए। स्विफ्ट कार और ट्राले के खलासी की भी जान गई है।
हादसा
कैसे हुआ भीषण हादसा?
चने से लदा ट्रक मध्य प्रदेश से मिर्जापुर आ रहा था। जैसे वह बड़का मोड़ के पास पहुंचा, ढलान पर ट्रक का ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित हो गया। ट्रक ने आगे चल रहे बोलेरो और स्विफ्ट कार को टक्कर मारी, जो ट्रैक्टर से भिड़ गए। बोलेरो उछलकर अलग हुई और उसमें आग लग गई। बोलेरो सवार 9 लोगों को निकलने का मौका नहीं मिला और जिंदा जल गए। स्विफ्ट ट्रक-ट्रैक्टर के बीच फंस गई, जिसमें 2 अन्य जान गई।
हादसा
बेटे का मुंडन कराकर लौट रहा था बोलेरो सवार परिवार
बोलेरो में सवार परिवार मिर्जापुर के जिगना थाने के नरैना के रहने वाले थे। अरुण सिंह का परिवार 7 वर्षीय बेटे शिवा का मुंडन कराने मैहर गया था। लौटते समय हादसा हो गया। हादसे में अरुण की पत्नी वंदना (38), बेटे शिवा (7), कमलेश सिंह की पत्नी प्रियंका (42) और बेटे कार्तिकेय (19), प्रदीप सिंह की पत्नी बीना (47), बेटे पीयूष (15) बेटी सोनम (19), पंकज (40) और चालक विष्णु सिंह (45) भी मृतकों में शामिल हैं।
जांच
आर्थिक मदद का ऐलान
पुलिस ने बताया कि हादसा इतना भयावह था कि बोलेरो में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और गाड़ी तुरंत आग का गोला बन गई। शवों की पहचान मुश्किल हो रही है। हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया और दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की। योगी ने हादसे में सभी मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का निर्देश दिया है।
ट्विटर पोस्ट
मिर्जापुर में भयावह हादसा
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र में रात करीब 8:30 बजे ट्रक और बोलोरो की टक्कर के बाद लगी आग में 11 लोग झुलसकर मर गए। एसपी मिर्जापुर अपर्णा रजत कौशिक ने बताया की पुलिस और राहत टीम मौके पर मौजूद है। उधर, सुबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख… pic.twitter.com/5Y7JqnBRBW
— Chandan Pandey (@Chandanup65) April 22, 2026