LOADING...
उत्तर प्रदेश: मथुरा में परिवार के 5 लोगों ने आत्महत्या की, दूध में जहर मिलाकर पिया
उत्तर प्रदेश के मथुरा में परिवार के 5 लोगों ने आत्महत्या की

उत्तर प्रदेश: मथुरा में परिवार के 5 लोगों ने आत्महत्या की, दूध में जहर मिलाकर पिया

लेखन गजेंद्र
Feb 10, 2026
12:14 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक चौकाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक ही परिवार के 5 सदस्यों का शव घर के अंदर मिला है। उनकी आत्महत्या की संभावना जताई जा रही है। घटना महावन थाना क्षेत्र के खप्परपुर गांव की है। मृतकों में पति-पत्नी और उनके 3 बच्चे शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। इलाके में शोक का माहौल पसरा है।

आत्महत्या

सुबह देर तक न उठने पर पड़ोसियों को हुआ था शक

पड़ोसियों ने बताया कि मंगलवार सुबह देर तक परिवार का कोई व्यक्ति घर से बाहर नहीं निकला तो शक हुआ। दरवाजा खटखटाने के बाद आवाज न आने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर 5 शव पड़े हुए थे। इनकी पहचान मनीष (35), पत्नी सीमा (32), 2 साल का बेटा प्रतीक, बेटी हनी (5) और प्रियांशी (4) के रूप में हुई है। इनके पास से दूध मिला है, जिसमें जहर मिलाकर पीने का शक है।

जांच

घर की दीवार पर ये लिखा मिला

पुलिस ने बताया कि मनीष खेती करते थे। उनके पिता की मौत हो चुकी थी और उनके 2 भाई भी गांव में ही दूसरे घरों में रहते हैं। पुलिस को शक है कि मनीष आर्थिक रूप से परेशान थे, जिसकी वजह से यह कदम उठाया है। ग्रामीणों ने भी उनके परेशान रहने की बात कही है। शवों पर किसी प्रकार के चोट का निशान नहीं है। घर की दीवार पर "अपनी इच्छा से आत्महत्या कर रहा हूं" लिखा मिला है।

Advertisement

जानकारी

आत्महत्या के विचार पर यहां से लें सहायता

अगर आप या आपके जानने वाले किसी भी प्रकार के तनाव से गुजर रहे हैं और आत्महत्या करने के विचार आ रहे हैं तो आप समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय के हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 या आसरा NGO के हेल्पलाइन नंबर 91-22-27546669 पर संपर्क करें।

Advertisement