Page Loader
गाजियाबाद का नाम बदलेगा, गजनगर या हरनंदी नगर करने की तैयारी
गाजियाबाद शहर का बदलेगा नाम (तस्वीर: वेबसाइट/@ghaziabadnagarnigam.in)

गाजियाबाद का नाम बदलेगा, गजनगर या हरनंदी नगर करने की तैयारी

लेखन गजेंद्र
Jan 09, 2024
05:10 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद और फैजाबाद की तरह अब गाजियाबाद का नाम भी बदलने की तैयारी है। मंगलवार को गाजियाबाद नगर निगम की बोर्ड बैठक में यह प्रस्ताव लाया गया, जिसे बहुमत से पारित कर दिया गया। इंडिया टीवी के मुताबिक, नाम बदलने का प्रस्ताव भाजपा पार्षद संजय सिंह की ओर से लाया गया था, जिसमें गाजियाबाद के लिए 2 नाम, गजनगर और हरनंदी नगर, सुझाए गए हैं। प्रस्ताव पर मुहर लगते ही सदन में जय श्रीराम के नारे लगे।

नामकरण

अब उत्तर प्रदेश सरकार के पाले में गई गेंद

रिपोर्ट के मुताबिक, गाजियाबाद नगर निगम में भाजपा का बहुमत होने से प्रस्ताव को पारित होने में कोई परेशानी नहीं हुई। हालांकि, इस दौरान 2 पार्षदों ने विरोध किया। अब इस प्रस्ताव को उत्तर प्रदेश शासन को भेजा जाएगा, वहां से एक नाम पर मुहर लगते ही गाजियाबाद का नया नाम सामने आएगा। प्रस्ताव देने वाले वार्ड नंबर 100 के भाजपा पार्षद संजय सिंह ने कहा कि अब समय आ गया है कि गाजियाबाद शहर को पहचान दी जाए।

मांग

हिंदू संगठन कर रहे थे नाम बदलने की मांग

गाजियाबाद का नाम बदलने की मांग हिंदू संगठनों द्वारा काफी समय से उठाई जा रही थी। दूधेश्वर नाथ मंदिर के मुख्य पुजारी महंत नारायण गिरि ने इसे लेकर काफी प्रयास किया। उन्होंने 2022 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर गजप्रस्थ, दुधेश्वरनाथ नगर और हरनंदी पुरम जैसे नामों के साथ ज्ञापन सौंपा था। बता दें कि गाजियाबाद के साथ अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ करने को लेकर भी चर्चा है। इस प्रस्ताव को भी अलीगढ़ नगर निगम ने पास कर दिया था।