Page Loader
आगरा के ताजमहल को दूसरी सफेद इमारत से मिल रही टक्कर, 104 साल में बनकर तैयार
आगरा में ताजमहल के बाद अब सफेद संगमरमर से बनी एक और इमारत तैयार (तस्वीर: वेबसाइट/agratourism.in)

आगरा के ताजमहल को दूसरी सफेद इमारत से मिल रही टक्कर, 104 साल में बनकर तैयार

लेखन गजेंद्र
May 17, 2024
05:44 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश में आगरा का ताजमहल दुनिया के सात अजूबों में शामिल है और इसे देखने दूर-दूर से लोग आते हैं, लेकिन इसी शहर में ताजमहल को टक्कर देने के लिए एक और सफेद इमारत पूरी तरह तैयार है। यह इमारत दयाल बाग में राधास्वामी संप्रदाय के संस्थापक परम पुरुष पूरन धनी स्वामीजी महाराज की स्वामी बाग समाधि है, जो सफेद संगमरमर से बनी है। ताजमहल से 12 किलोमीटर दूर होने के कारण यह लोगों के आकर्षण का केंद्र है।

विरासत

इमारत बनने में लगे 104 साल

आगरा पर्यटन की वेबसाइट के मुताबिक, इस इमारत का निर्माण कार्य 1,900 के दशक में शुरू हुआ था, जिसे बीच में अधूरा छोड़ दिया गया। 1904 में इसे इलाहाबाद के एक वास्तुकार ने डिजाइन किया था, जिसका काम शुरू होने के बाद वह रुक गया। 1922 में काम फिर से शुरू हुआ। वेबसाइट की तस्वीर में इमारत भव्य नजर आ रही है, जिसके ऊपर गोल गुंबद ताजमहल की तरह बना हुआ है। गुंबद में सोने का शिखर भी लगा है।

पर्यटन

प्रवेश है निशुल्क, लेकिन फोटोग्राफी की अनुमति नहीं

NDTV के मुताबिक, इस समाधि स्थल का थोड़ा काम अभी बाकी है, जो जल्द पूरा हो जाएगा। यहां सुबह 6:00 से शाम को 6:00 बजे तक आया जा सकता है। समाधि स्थल पर प्रवेश निशुल्क है, लेकिन फोटोग्राफी पूरी तरह वर्जित है। स्वामी बाग शांति की वजह से पर्यटकों और भक्तों को आकर्षित कर रहा है। यहां सभी धर्मों के लोग आ रहे हैं। यहां सत्संग और आध्यात्मिक चर्चाएं होती हैं।