Page Loader
उत्तर प्रदेश: बाराबंकी में बहन को दहेज देने पर व्यक्ति की उसकी पत्नी ने हत्या की 
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में पत्नी ने करवाई पति की हत्या

उत्तर प्रदेश: बाराबंकी में बहन को दहेज देने पर व्यक्ति की उसकी पत्नी ने हत्या की 

लेखन गजेंद्र
Apr 24, 2024
06:06 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से पति-पत्नी के रिश्तों को कलंकित करने वाली खबर आई है। यहां एक व्यक्ति अपनी बहन की शादी में दहेज देना चाहता था, जिससे नाराज उसकी पत्नी ने उसकी हत्या करा दी। वारदात मंगलवार रात को बड्डूपुर थाना क्षेत्र के सहरी मजरे झरसावा गांव की बताई जा रही है। पुलिस ने हत्या के आरोप में महिला और उसके भाई समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। हत्या के बाद गांव में मातम का माहौल है।

हत्या

क्या है पूरा मामला?

झरसावा गांव के रहने वाले 35 वर्षीय चंद्र प्रकाश मिश्र की बहन पूजा की 26 अप्रैल को शादी थी। वह शादी में लगे हुए थे और अपनी बहन को दहेज में एक टीवी और सोने की अंगूठी देना चाहते थे। इसका चंद्र प्रकाश की पत्नी छवि मिश्रा विरोध कर रही थी। इस बात को लेकर दोनों में सोमवार को काफी विवाद हुआ और मंगलवार सुबह भी दोनों खूब झगड़े। मंगलवार शाम को मंडप रखते समय झगड़ा बढ़ गया।

जांच

पत्नी ने हत्या के लिए मायके से भाइयों को बुलाया 

पुलिस ने बताया कि मंगलवार शाम को झगड़ा बढ़ने पर छवि ने कदराबाद थाना क्षेत्र स्थित रामनगर से अपने भाईयों को बुला लिया। छवि के भाइयों ने पहुंचते ही चंद्र प्रकाश को पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने अपने बहनोई को लाठी-डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस चंद्र प्रकाश को अस्पताल ले गई, जहां उसे मृत घोषित किया गया। पुलिस ने छवि और उसके भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।