
क्या है अयोध्या के राम मंदिर में खुलने वाला मोम संग्रहालय, जानिए खासियत
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश में अयोध्या के राम मंदिर में मोम संग्रहालय बनाने का काम तेजी से चल रहा है, जो इस साल दिवाली से पहले बनकर तैयार हो जाएगा। राम मंदिर परिसर में बन रहा यह विशेष संग्रहालय दिवाली से एक दिन पहले दीपोत्सव के अवसर पर जनता के लिए खोला जाएगा। संग्रहालय में रामायण के महत्वपूर्ण पात्रों की लगभग 50 मूर्तियां प्रदर्शित की जाएंगी। इसे महाराष्ट्र के एक संगठन द्वारा केरल के विशेषज्ञों की सहायता से बनाया जा रहा है।
संग्रहालय
क्या है ये मोम संग्रहालय?
मोम संग्रहालय पूरी तरह भगवान राम और रामायण काल के चरित्रों पर आधारित होगा। इसमें पूरी रामायण तो नहीं लेकिन उसके विशेष पात्रों और विशेष घटनाओं के मोम स्वरूप को देखा जा सकेगा। यहां आने वाले आगंतुक भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान, सुग्रीव और जटायु सहित अन्य की सजीव मोम की मूर्तियां देख सकेंगे। उनके चेहरे के भाव, उनकी वेशभूषा को रामायण में वर्णित वर्णन के अनुरूप और प्रामाणिक रूप से डिजाइन किया जा रहा है।
खासियत
क्या है खासियत?
संग्रहालय परिक्रमा पथ पर लगभग 10,000 वर्ग फुट क्षेत्र में फैला है। परियोजना पर लगभग 7.5 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। इसे श्रद्धालुओं और पर्यटकों, दोनों को एक अनूठा सांस्कृतिक और ऐतिहासिक अनुभव प्रदान करने के लिए बनाया जा रहा है। संग्रहालय राम-रावण के बीच भीषण युद्ध, सीता हरण, हनुमान की लंका यात्रा और राम सेतु निर्माण जैसे दृश्यों को जीवंत करेगा। आकर्षण के लिए मोम के साथ-साथ आधुनिक तकनीक, दृश्य-श्रव्य प्रभाव और इंटरैक्टिव डिस्प्ले से कहानियां वास्तविक लगेंगी।