विदेश सचिव विक्रम मिसरी व्हाइट हाउस में मार्को रुबियो से मिले, अगले महीने आएंगे भारत
क्या है खबर?
भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी 3 दिवसीय अमेरिका के दौरे पर हैं। उन्होंने गुरुवार को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों ने अनिश्चित वैश्विक व्यवस्था के बीच द्विपक्षीय संबंधों के प्रमुख पहलुओं की समीक्षा की और उसे मजबूत बनाने पर जोर दिया। बैठक के दौरान भारत और अमेरिका के बीच व्यापार, महत्वपूर्ण खनिजों, रक्षा और क्वाड समूह जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर भी चर्चा की गई।
मुलाकात
FBI के निदेशक काश पटेल से भी मुलाकात
मिसरी ने अपनी यात्रा के दौरान अमेरिका के रक्षा विभाग में उप सचिव माइकल डफी और एलब्रिज कोल्बी तथा वाणिज्य विभाग में उप सचिव जेफरी केसलर और विलियम किम्मिट से भी मुलाकात की। इसके अलावा, अमेरिकी विदेश विभाग में राजनीतिक मामलों की अवर सचिव एलिसन हूकर के साथ बैठक हुई। मिसरी ने संघीय जांच ब्यूरो (FBI) निदेशक काश पटेल से भी मुलाकात कर आतंकवाद, संगठित अपराध और नशीले पदार्थों से निपटने में भारत-अमेरिका के मजबूत सहयोग पर चर्चा की।
दौरा
अगले महीने दिल्ली आएंगे रुबियो
व्हाइट हाउस में मिसरी और रुबियो की मुलाकात की तस्वीर भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने एक्स पर साझा की है। उन्होंने लिखा, 'व्हाइट हाउस में आपका स्वागत है विक्रम मिसरी। मार्को रुबियो के साथ एक सार्थक बैठक हुई, जिसमें हमारे द्विपक्षीय संबंधों—विशेष रूप से व्यापार, महत्वपूर्ण खनिजों, रक्षा और 'क्वाड' पर चर्चा हुई। रूबियो अगले महीने भारत आने के लिए उत्सुक हैं!' दौरे के दौरान अमेरिका और भारत ट्रेड पोर्टल भी लॉन्च किया गया है।