अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा- भारत की कीमत पर पाकिस्तान से रिश्ता नहीं
क्या है खबर?
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका आतंकवाद को लेकर भारत और पाकिस्तान दोनों देशों की चिंता समझता है। रुबियो ने इंडिया टुडे के साथ साक्षात्कार में कहा कि पाकिस्तान के साथ अमेरिका के करीबी रिश्ते भारत के साथ उसकी पार्टनरशिप की कीमत पर नहीं होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि आतंकवाद को लेकर वाशिंगटन और नई दिल्ली की चिंताएं एक जैसी है।
बयान
वाशिंगटन रोक सकता है दोनों देशों के बीच तनाव
रुबियो से पूछा गया कि अमेरिका कैसे पक्का करेगा कि पाकिस्तान के साथ उसके करीबी रिश्ते भारत की आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को कमजोर न करें?
रुबियो ने कहा, "पाकिस्तान के साथ रिश्ता किसी भी तरह से भारत के साथ हमारे रिश्ते की कीमत पर नहीं है।"
उन्होंने कहा कि अमेरिका को पाकिस्तान समेत दुनियाभर के देशों के साथ रिश्ते बनाए रखने की जरूरत है और वॉशिंगटन के रिश्ते, दोनों पड़ोसियों के बीच बड़े झगड़े को रोक सकते हैं।
बयान
अमेरिका युद्ध नहीं देखना चाहता- रुबियो
रुबियो ने आगे कहा, "दोनों देशों के बीच तनाव को अच्छी तरह समझा जाता है। अमेरिका एक कंस्ट्रक्टिव रोल निभाने के लिए तैयार है क्योंकि हम युद्ध नहीं देखना चाहते।"
उन्होंने कहा, "दुनिया में आतंकवाद के खिलाफ अमेरिका से अधिक कोई देश काम नहीं करता है।"
उन्होंने इस्लामिक स्टेट और अल-कायदा के खिलाफ अमेरिकी ऑपरेशन का जिक्र किया, जिसमें अल-कायदा के फाउंडर ओसामा बिन लादेन को मारने वाला ऑपरेशन भी शामिल है।