LOADING...
मेरठ: लंदन से लौटे पति को पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर काटा, सीमेंट से जमाया
मेरठ में लंदन से लौटे पति को पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर काटा

मेरठ: लंदन से लौटे पति को पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर काटा, सीमेंट से जमाया

लेखन गजेंद्र
Mar 19, 2025
11:59 am

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिससे सनसनी मच गई है। यहां एक मर्चेंट नेवी अधिकारी की पत्नी ने अपने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या कर दी, फिर शव के टुकड़े कर उसे सीमेंट से जमा दिया। मामला ब्रह्मपुरी के इंद्रानगर का बताया जा रहा है। मृतक सौरभ राजपूत (29) है। पुलिस ने उसकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी (27) और प्रेमी साहिल शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। आइए जानते हैं, क्या है पूरा मामला?

हत्या

सौरभ ने मुस्कान से किया था प्रेम विवाह

सौरभ की मुलाकात मास्टर कॉलोनी की रहने वाली मुस्कान से 10 साल पहले सोशल मीडिया पर हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और प्यार हो गया। इसके बाद दोनों ने परिवार की मर्जी के बगैर 2016 में शादी कर ली। कुछ समय तक रिश्ता ठीक था, लेकिन बाद में परिवार में झगड़े होने लगे। इसके बाद 3 साल पहले सौरभ ब्रह्मपुरी में मुस्कान और पीहू के साथ परिवार से अलग किराए के मकान में शिफ्ट हो गया।

प्रेम प्रसंग

मुस्कान का साहिल से बढ़ा प्यार

सौरभ पहले मर्चेंट नेवी में अधिकारी था, लेकिन बाद में लंदन में एक मॉल में काम करने लगा। वह अक्सर लंदन में ही रहता था और कभी-कभार 2 से 3 महीने के लिए मेरठ आता था। पीहू कक्षा 2 की छात्रा है। उसे मुस्कान ही छोड़ने स्कूल जाती थी। इस बीच उसकी मुलाकात साहिल शुक्ला से हुई, जिसके बाद दोनों के बीच प्रेम प्रसंग बढ़ने लगा। मुस्कान घर में अकेली रहती थी, जिसका फायदा उठाकर साहिल घर आने लगा।

योजना

मुस्कान और साहिल ने बनाई योजना

2022 में सौरभ को मुस्कान और साहिल के रिश्ते के बारे में पता चला था, जिसके बाद दोनों का काफी झगड़ा हुआ और बात तलाक तक आ गई थी। हालांकि, मामला शांत हो गया। उधर, मुस्कान-साहिल की मुलाकात बढ़ने पर दोनों के संबंध भी बने। इसके बाद साहिल मुस्कान पर शादी का दबाव बनाने लगा। साहिल गांजा पीने का आदी था, जिससे मुस्कान को भी यह लत लगी। इसके बाद उन्होंने सौरभ को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

हत्या

25 फरवरी को मुस्कान का जन्मदिन मनाने आया था सौरभ

इस बीच 25 फरवरी को मुस्कान का जन्मदिन था। सौरभ जन्मदिन पर सरप्राइज देने के लिए 24 फरवरी को लंदन से मेरठ आ गया था। सौरभ के वापस आने पर साहिल परेशान रहने लगा। उसने मुस्कान के साथ 4 मार्च को सौरभ की हत्या की योजना बनाई। 4 मार्च को मुस्कान ने सौरभ को खाने में नशे की दवा दी और बेहोश कर दिया। उसके बाद मुस्कान ने साहिल को बुलाया। साहिल ने सौरभ के सीने में चाकू घोंप दिया।

साजिश

लाश को सीमेंट में जमाकर शिमला चली गई मुस्कान

इसके बाद दोनों मिलकर लाश को ठिकाने लगाने की सोचने लगे। लाश को बाहर ले जाना मुश्किल था, ऐसे में उन्होंने कटर से शव के टुकड़े किए। एक प्लास्टिक का ड्रम और सीमेंट लाए। उसमें टुकड़ों को भरकर ऊपर से सीमेंट का घोल डाल दिया। उसने बेटी को अपनी मां के घर छोड़ा और साहिल के साथ शिमला घूमने चली गई। मुस्कान ने लोगों को बताया कि वह सौरभ के साथ है और उसके व्हाट्सऐप से जवाब दे रही थी।

जांच

कैसे हुआ खुलासा?

शिमला में घूमते हुए मुस्कान के पैसे खत्म हो गए। सौरभ के अकाउंट में 6 लाख रुपये थे, लेकिन मुस्कान उसे निकाल नहीं पा रही थी। उसने अपनी मां से पैसे निकालने का तरीका पूछा, तो उन्होंने सौरभ के साथ होने की बात कही। शिमला से वापस लौटने पर मुस्कान ने अपनी मां को सारी बात बता दी। उधर, सौरभ का छोटा भाई काफी परेशान था। वह उसके ब्रह्मपुरी स्थित घर गया, तो मुस्कान साहिल के साथ दिखी।

जांच

बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी

सौरभ का छोटा भाई जब घर में घुसा तो उसे बदबू आई। उसने साहिल और मुस्कान से झगड़ा किया, इसके बाद पड़ोसियों को इकट्ठा कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मुस्कान और साहिल से पूछताछ की तो उन्होंने सच बता दिया। पुलिस ने प्लास्टिक के ड्रम में छिपे शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। सीमेंट को काफी मुश्किल से तोड़कर शव के टुकड़े निकाले जा रहे हैं। मुस्कान ने ड्रम फिकवाने की कोशिश भी की थी।