Page Loader
गाजियाबाद: अस्पताल स्टाफ के साथ बदसलूकी करने वाले तबलीगी जमात के लोगों पर लगेगा NSA

गाजियाबाद: अस्पताल स्टाफ के साथ बदसलूकी करने वाले तबलीगी जमात के लोगों पर लगेगा NSA

Apr 03, 2020
02:41 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद में अस्पताल स्टाफ के साथ बदसलूकी करने के आरोपी तबलीगी जमात के लोगों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। निजामुद्दीन के मरकज में तबलीगी जमात के कार्यक्रम में हिस्सा लेकर लौटे इन लोगों को गाजियाबाद के अस्पताल में क्वारंटाइन किया गया था। आरोप है कि ये लोग अस्पताल में बिना पैंट पहने घूमते थे और नर्सों पर भद्दी टिप्पणियां करते थे।

बयान

मानवता के दुश्मन हैं आरोपी- योगी आदित्यनाथ

इन लोगों पर कार्रवाई के बारे में बताते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, "वो कानून नहीं मानते, वो सिस्टम को नहीं मानते, वो मानवता के दुश्मन है। उन्होंने महिला स्वास्थ्यकर्मियों के साथ जो किया है वह गंभीर अपराध है। उन पर NSA लगाया जा रहा है।" उन्होंने पुलिसकर्मियों को निशाना बना रहे लोगों पर भी NSA लगाने की चेतावनी दी है। बता दें कि स्टाफ से बदसलूकी करने वाले मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया है।

मामला

क्या है मामला?

गाजियाबाद के MMG अस्पताल में क्वारंटाइन किए गए तबलीगी जमात के लोगों पर नर्सों पर भद्दी टिप्पणियां करने और बिना पैंट घूमने के आरोप लगे थे। इसे लेकर अस्पताल की तरफ से दी गई शिकायत पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। साथ ही इन्हें दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया है। इन लोगों पर डॉक्टरों और नर्सों से बीड़ी, सिगरेट की मांग करने और तेज आवाज में अश्लील गाने गाने का भी आरोप है।

बयान

सोशल डिस्टैंसिंग का पालन नहीं कर रहे लोग- राणा

MMG अस्पताल के CMS डॉक्टर रविंद्र राणा ने कहा कि छह आरोपी अस्पताल में बिना कपड़े पहने घूमते थे। ये तेज आवाज में अश्लील गाने गाते थे, जिससे अन्य मरीजों को भी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि यहां भर्ती तबलीगी जमात के लोग न तो सोशल डिस्टैंसिंग का पालन कर रहे थे और न ही दवाईयां खाते थे। वो पूरे दिन एक ही बेड पर बैठकर बातें करते रहते और स्टाफ के करीब आने की कोशिश करते थे।

फैसला

अब केवल पुरुष कर्मचारी रहेंगे तैनात

आइसोलेशन वार्ड में इन लोगों के इलाज में लगी छह नर्सों ने डॉक्टर राणा को खराब सलूक की शिकायत दी थी, जिसके बाद उन्होंने आला अधिकारियों को इससे अवगत कराया। अब सरकार ने फैसला किया है कि अब तबलीगी जमात के लोगों की चिकित्सा और सुरक्षा में महिला स्वास्थ्यकर्मी और महिला पुलिसकर्मी नहीं लगाई जाएंगी। केवल पुरूष कर्मचारी ही मौजूद रहेंगे। बता दें कि दिल्ली में क्वारंटाइन किए गए तबलीगियों ने भी स्टाफ से बदसलूकी की थी।

मरकज

तबलीगी जमात का कार्यक्रम बना कोरोना वायरस का हॉटस्पॉट

बीते महीने तबलीगी जमात ने दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित मरकज में एक धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया था। इसमें अलग-अलग राज्यों समेत विदेशों से भी लोग शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान कई लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वो देश के अलग-अलग इलाकों में गए, जिससे अन्य लोगों में संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। कार्यक्रम में भाग लेने वाले 15 लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है।