भिवंडी: 10 जिंदगियां निगल गया असुरक्षित कोहिनूर अपार्टमेंट, मालिक फरार
ठाणे जिले के भिवंडी में 30 जुलाई की देर रात एक 4 मंजिला कोहिनूर अपार्टमेंट अचानक भरभराकर ढह गया। इस दर्दनाक हादसे में 10 लोगों की जान चली गई, जबकि 3 लोग घायल हुए हैं। मरने वालों में ज्यादातर दिहाड़ी मजदुर और उनके परिवार के सदस्य शामिल थे। जांच अधिकारियों का कहना है कि कोहिनूर अपार्टमेंट को बनाने के लिए सही अनुमति नहीं ली गई थी। इमारत की निर्माण गुणवत्ता भी बेहद खराब थी, जिसकी वजह से यह शुरू से ही असुरक्षित थी।
चेतावनी को अनसुना किया गया, मालिक विदेश भागा
नगर निगम के अधिकारियों ने लोगों को इमारत खाली करने के लिए कई बार चेतावनी दी थी, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। अनाधिकृत मरम्मत के काम से इमारत के मुख्य खंभे कमजोर हो गए थे, और इसी वजह से इमारत ढह गई।
इस बिल्डिंग का मालिक बिलाल अहमद अबूबकर खान है, जो अब देश छोडकर भाग चुका है। वहीं, ठेकेदार अशोक के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है; कुछ रिपोर्टों के अनुसार वह इस हादसे में बच नहीं पाया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या नगर निगम के अधिकारियों ने सुरक्षा नियमों को लागू करने में लापरवाही की थी।