नितिन गडकरी ने दिल्ली-NCR के लिए बनाई 1.04 लाख करोड़ रुपये की योजना, मिलेगी ट्रैफिक जाम से निजात
दिल्ली-NCR की सड़कों की सूरत अब बदलने वाली है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने हाल ही में 2,105 किलोमीटर लंबे हाईवे बनाने और उनमें सुधार लाने के लिए 1.04 लाख करोड़ रुपये की एक बड़ी योजना का ऐलान किया है। इस पूरे प्रोजेक्ट का मुख्य मकसद दिल्ली-NCR की कभी न खत्म होने वाली ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाना है। दरअसल, दिल्ली-NCR में लगातार बढ़ रही आबादी और गाड़ियों की संख्या को देखते हुए, खासकर साउथ दिल्ली के ट्रैफिक जाम को कम करना इस योजना की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
कॉरिडोर, टनल और सड़कों के सुधार की योजना
इस बड़ी योजना में कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को शामिल किया गया है। इनमें DND फ्लाईवे, फरीदाबाद और सोहना को जोड़ने वाला एक नया छह लेन का कॉरिडोर बनाना शामिल है। शिव मूर्ति के पास एक बड़ी टनल भी तैयार की जाएगी, जो द्वारका एक्सप्रेसवे (NH-248BB) और NH 48 को वसंत कुंज के नेल्सन मंडेला मार्ग से जोड़ेगी। इसके साथ ही, आश्रम चौक से बदरपुर बॉर्डर और महरौली-गुरुग्राम रोड जैसे बेहद व्यस्त इलाकों की सड़कों को भी बेहतर बनाया जाएगा। इन सभी प्रोजेक्ट्स की अंतिम लागत और इन्हें पूरा करने में लगने वाले समय का फैसला एक विस्तृत अध्ययन के बाद ही तय होगा।