केंद्रीय कैबिनेट ने जल जीवन मिशन को 2028 तक बढ़ाया, जेवर एयरपोर्ट 2 एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंगलवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमें कई बड़े फैसले लिए गए। सरकार ने तमिलनाडु के मदुरै हवाई अड्डा को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित करने के प्रस्ताव को मंजूदी दी है। साथ ही, जल जीवन मिशन को दिसंबर 2028 तक बढ़ा दिया है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कैबिनेट फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार ने कुल 8.80 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूदी दी है।
कैबिनेट
तमिलनाडु में चुनाव से पहले सौगात
तमिलनाडु में इस साल विधानसभा चुनाव होने है। ऐसे में चुनाव से पहले केंद्र ने राज्य के ऐतिहासिक शहर को सौगात दी है। मदुरै सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टि से प्रमुख केंद्र है। यहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनने के बाद विदेशी पर्यटक और तीर्थयात्रियों की आमद बढ़ेगी। इसके अलावा, जल जीवन मिशन के दूसरे चरण का लक्ष्य 2028 तक देश के 12.6 करोड़ ग्रामीण घरों को नल से पानी देना है।
फैसला
पश्चिम बंगाल और झारखंड के 5 जिलों को कवर करने वाली रेल परियोजना
कैबिनेट ने पश्चिम बंगाल और झारखंड के 5 जिलों को कवर करने वाली दो मल्टीट्रैकिंग परियोजनाओं को मंजूरी दी है, जिससे रेलवे नेटवर्क में 192 किलोमीटर की बढ़ोतरी होगी। परियोजनाओं की अनुमानित लागत 4,474 करोड़ रुपये है, जो 2030-31 तक पूरी होगी। इसके तहत, सैंथिया से पाकुर और संतरागाछी-खड़गपुर के बीच चौथी लाइन बिछाई जानी है। इससे प्रमुख पर्यटन स्थलों बोलपुर-शांतिनिकेतन, नंदिकेश्वरी मंदिर (शक्तिपीठ), तारापीठ (शक्तिपीठ), पटचित्र ग्राम, धडिका वन, भीमबांध अभ्यारण्य, रामेश्वर कुंड तक रेल संपर्क में सुधार होगा।
योजना
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे जेवर हवाई अड्डे से जुड़ेंगे
कैबिनेट ने मध्य प्रदेश में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे (NH-752D) के बदनवार-पेटलावाद-थंडला-तिमारवानी खंड के 80.45 किलोमीटर लंबे 4 लेन के निर्माण को मंजूरी दी है। हाइब्रिड वार्षिकी मोड पर बनने वाला कॉरिडोर उज्जैन को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर तिमरावानी इंटरचेंज से जोड़ेगा। नोएडा का जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे को 31.42 किमी लंबी सड़क (7.8 किलोमीटर उपरिगामी) से फरीदाबाद से जोड़ा जाएगा। इससे दक्षिण दिल्ली-फरीदाबाद-गुरुग्राम के लोगों को जेवर तक हाईस्पीड सड़क मिलेगी। बाद में सड़क जेवर को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा।
ट्विटर पोस्ट
कैबिनेट फैसले की जानकारी देते अश्विनी वैष्णव
Cabinet Briefing by Union Minister Ashwini Vaishnaw https://t.co/lTu15oiAVG
— Ministry of Information and Broadcasting (@MIB_India) March 10, 2026