Page Loader
UN महासचिव ने की पहलगाम हमले की निंदा, भारत-पाकिस्तान से सैन्य टकराव से बचने की अपील
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने की पहलगाम आतंकी हमले की निंदा

UN महासचिव ने की पहलगाम हमले की निंदा, भारत-पाकिस्तान से सैन्य टकराव से बचने की अपील

May 05, 2025
10:11 pm

क्या है खबर?

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान में तनाव चरम पर है। इस बीच संयुक्त राष्ट्र (UN) महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए हमले में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव पर भी चिंता जताते हुए दोनों देशों से सैन्य टकराव से बचने की अपील की है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कहा।

बयान

गुटेरेस ने क्या दिया बयान?

गुटेरेस ने कहा, "मैं 22 अप्रैल को पहलगाम हमले के बाद की भावनाओं को समझता हूं। मैं फिर हमले की कड़ी निंदा करता हूं और पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।" उन्होंने कहा, "आम नागरिकों को निशाना बनाना अस्वीकार्य है और जिम्मेदार लोगों को विश्वसनीय, वैध तरीकों से न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए। खास तौर पर इस महत्वपूर्ण समय पर सैन्य टकराव से बचना चाहिए जो आसानी से नियंत्रण से बाहर हो सकता है।"

दुख

गुटेरेस ने भारत-पाकिस्तान के बिगड़ते रिश्तों पर जताया दुख

गुटेरेस ने कहा, "भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव हाल के वर्षों में उबरते बिंदु पर पहुंच गया है। मैं दोनों देशों की सरकारों और लोगों का बहुत सम्मान करता हूं और संयुक्त राष्ट्र के काम में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए उनका बहुत आभारी हूं, खासकर संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना के लिए। इसलिए मुझे यह देखकर दुख होता है कि दोनों देश के रिश्ते उबलते बिंदु पर पहुंच गए हैं। ऐसे समय में संयम से काम लेना होगा।"

जानकारी

गुटेरेस ने क्या दिया प्रस्ताव?

गुटेरेस ने कहा, "संयुक्त राष्ट्र भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव कम करने और शांति की वापसी के लिए बातचीत में मदद करने के लिए अपने अच्छे कार्यालय की पेशकश करता है। ऐसी स्थिति में सैन्य समाधान कोई समाधान नहीं हो सकता।"

हमला

पहलगाम हमले के बाद बढ़ा तनाव

बता दें कि 22 अप्रैल को पहलगाम में 4 आतंकियों ने 26 पर्यटकों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हमले में पाकिस्तान की भूमिका सामने आने के बाद दोनों देशों के बीच तनाव उच्च स्तर पर पहुंच गया है। हमले के बाद से ही नियंत्रण रेखा (LoC) पर भी तनाव बढ़ गया है। पाकिस्तानी सेना लगातार संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए गोलीबारी कर रही है। भारतीय सेना भी पाकिस्तान की इस कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब दे रही है।

सख्ती

भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ उठाए कई सख्त कदम

पहलगाम हमले के बाद भारत ने सिंधु जल संधि को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने, नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग के रक्षा सलाहकारों को देश छोड़ने और इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग में अपने कर्मचारियों की संख्या घटाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा पाकिस्तानी नागरिकों को जारी सभी वीजा रद्द करने और वाघा सीमा को बंद कर दिया गया है। भारत ने कई पाकिस्तानी शख्सियतों के सोशल मीडिया अकाउंट पर भी प्रतिबंध लगाया है।