प्रवासी भारतीयों को भी मिलेगा आधार एक्सेस, UIDAI ने उठाया बड़ा कदम
प्रवासी भारतीयों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) अब विदेशों में रहने वाले भारतीयों को भी आधार का एक्सेस देने की तैयारी कर रहा है। यह जानकारी ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 में UIDAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सौरभ विजय ने दी। इस पहल से विदेशों में बसे भारतीय, देश की सेवाओं का आसानी से इस्तेमाल कर पाएंगे और अपने वतन से जुड़े रह सकेंगे, फिर चाहे वे दुनिया के किसी भी कोने में हों।
UIDAI ग्लोबल अपग्रेड और पार्टनरशिप की तैयारी में
UIDAI चाहता है कि प्रवासी भारतीय भी इसका इस्तेमाल कर सकें, ताकि वे दुनिया भर के वित्तीय और तकनीकी प्लेटफॉर्म से जुड़ पाएं। इस काम को ठीक से पूरा करने के लिए UIDAI अपने सिस्टम को ग्लोबल स्टैंडर्ड्स के हिसाब से अपग्रेड करेगा और अंतरराष्ट्रीय पार्टनर के साथ मिलकर काम करेगा। सौरभ विजय ने बताया कि ये अपग्रेड बहुत जरूरी हैं। इनसे लोगों का भरोसा बढ़ेगा और आधार सिस्टम दुनिया के अलग-अलग माहौल में भी आसानी से काम कर पाएगा।