बिहार के जमुई में डॉक्टरों ने मोबाइल टॉर्च की रोशनी में बचाई 2 गर्भवती महिलाओं की जान
देश
बिहार के जमुई सदर अस्पताल में शुक्रवार को 2 गर्भवती महिलाओं का ऑपरेशन बिना बिजली के करना पड़ा। ऑपरेशन के दौरान करीब 45 मिनट तक बिजली गुल रही। अस्पताल का बैकअप जनरेटर भी काम नहीं कर रहा था। डॉ शालिनी कुमारी और डॉ रघुनंदन ने ओटी असिस्टेंट अमित कुमार के साथ मिलकर टॉर्च और मोबाइल फोन की फ्लैशलाइट की रोशनी में दोनों ऑपरेशन पूरे किए।
मदद करती नर्स का वीडियो सामने आया
इस घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक नर्स मोबाइल फोन की फ्लैशलाइट जलाकर मदद करती दिख रही है। अस्पताल के कुछ कर्मचारियों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब बिजली गुल होने से ऑपरेशन में दिक्कत आई हो। इससे बिजली और बैकअप सिस्टम की खराब हालत को लेकर चिंता बढ़ गई है। हालांकि, अस्पताल प्रबंधक ने इन समस्याओं के बार-बार होने की बात से इनकार किया है। इस पूरे मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी गई है।