उत्तर प्रदेश: बदायूं में कैसे उधार मांगने आए व्यक्ति ने 2 मासूमों की हत्या की?
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश के बदायूं में मंगलवार 19 मार्च की शाम एक व्यक्ति ने 2 बच्चों की चाकू से हत्या कर दी। वारदात के बाद खून में लथपथ आरोपी घर से निकलकर भागा, लेकिन अगले ही चौराहे पर पुलिस ने उसे एनकाउंटर में ढेर कर दिया।
घटना में मारे गए दोनों बच्चे सगे भाई थे। आरोपी ने तीसरे बच्चें पर भी हमला किया, जिसे चोटें आई हैं। अब बच्चों के परिजनों ने घटना की पूरी जानकारी दी है।
आरोपी
आरोपी ने मांगे थे 5,000 रुपये
आज तक से बात करते हुए बच्चों की मां ने बताया, "मैं अपने घर में ही कॉस्मेटिक की दुकान चलाती हूं और उसके ऊपर मेरी पॉर्लर की दुकान है। आरोपी साजिद शाम को घर आया और पहले क्लेचर मांगा और थोड़ी देर बाद 5,000 रुपये की मदद मांगी। मैंने अपने पति से बात करके उसको 5,000 रुपये दे दिए। उसने कहा कि उसकी तबीयत सही नहीं लग रही है और घर में ऊपर चला गया।"
दादी
घटना के बारे में दादी ने क्या बताया?
बच्चों की दादी ने बताया, "देर शाम नाई की दुकान चलाने वाले साजिद ने घर में घुसकर 3 बच्चों, आयुष, युवराज और आहान उर्फ हनी पर चाकू से हमला कर दिया। साजिद पहले ऊपर गया और पानी के लिए हनी को आवाज लगाई। हनी पानी लेकर ऊपर गया था और कुछ देर बाद चीखने की आवाजें आने लगी और साजिद हाथ में बड़ा-सा चाकू लेकर खून में लटपथ नीचे की तरफ आ रहा था।"
पिता
पिता बोले- आरोपी ने गर्भवती बीवी के लिए मांगे थे पैसे
बच्चों के पिता विनोद कुमार ने NDTV से कहा, "साजिद ने 5,000 रुपये मांगे। उसने कहा था कि उसकी गर्भवती पत्नी अस्पताल में भर्ती है। इसके बाद संगीता (बच्चों की मां) ने मुझे फोन कर साजिद को पैसे देने की बात कही। इस बीच संगीता चाय बनाने गई और साजिद आयुष को पार्लर दिखाने के लिए ऊपर ले गया। इसके बाद चाकू से काटकर आयुष की हत्या कर दी। छोटा बेटा आहान पानी लेकर पहुंचा तो उसे भी मार दिया।"
पुलिस
साजिद ने पुलिस पर भी चलाई गोलियां
बरेली जोन के IG राकेश कुमार सिंह के मुताबिक, पुलिस ने साजिद का पीछा किया तो वो शेखूपुर के जंगल में दिखाई दिया। वहां थाना पुलिस पीछा करती हुई पहुंची तो उसने पुलिस पर गोलीबारी की और जवाबी गोलीबारी में वह घायल हो गया और उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों का पता किया जा रहा है। यह लेनदेन का मामला है या पुरानी रंजिश का, इसकी गहनता से जांच की जा रही है।
फरार
आरोपी के साथ आया भाई फरार
रिपोर्ट के मुताबिक, साजिद अपने भाई जावेद के साथ विनोद के घर पर आया था। हत्याकांड के बाद जावेद ने ही साजिद की भागने में मदद की थी। फिलहाल जावेद फरार है और पुलिस उसे ढुंढने में जुटी है।
बदायूं के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) आलोक प्रियदर्शी ने कहा, "मृतक बच्चों के परिवार ने FIR में आरोपी के भाई जावेद का भी नाम लिया है। उसकी तलाश में टीमें जुटी हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"
तनाव
घटना के बाद इलाके में तनाव
घटना के बाद बदायूं शहर में तनाव व्याप्त है। गुस्साई भीड़ ने आरोपी की दुकान और वाहन में आग लगा दी। दूसरी कई जगहों पर भी तोड़फोड़ की खबरें हैं।
घटना की सूचना मिलते ही बदायूं के कलेक्टर मनोज कुमार और बरेली IG राकेश सिंह सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने सुरक्षा के लिए बड़ी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।